राजस्थान में भाजपा की सरकार बनने के बाद जनहित की किसी योजना को नहीं रोकेंगे : प्रधानमंत्री मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 02 Oct 2023 10:08 PM
राजस्थान में भाजपा की सरकार बनने के बाद जनहित की किसी योजना को नहीं रोकेंगे : प्रधानमंत्री मोदी
ऑडियो सुनें

जयपुर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान सरकार की किसी योजना को बंद नहीं करने की गारंटी मांगने वाली मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की टिप्पणी के मद्देनजर सोमवार को कहा कि यह कहकर गहलोत ने अपनी पराजय स्वीकार कर ली है. उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर भाजपा जनहित की किसी योजना को बंद नहीं करेगी और यह ह्लमोदी की गारंटी” है.

मोदी ने चित्तौड़गढ. में जनसभा संबोधित करते हुए यह बात कही. यह राजस्थान में उनकी एक सप्ताह में दूसरी जनसभा थी. राज्य में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं. मोदी ने यह भी स्पष्ट संकेत दिया कि पार्टी राज्य के आगामी चुनाव में किसी को मुख्यमंत्री पद के चेहरे के रूप में पेश नहीं करेगी. उन्होंने ‘कमल’ के निशान को ही पार्टी की ‘उम्मीद’ व ‘उम्मीदवार’ बताया.

मोदी ने अपने संबोधन से पहले राजस्थान में एक अन्य कार्यक्रम में 7,200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया. उन्होंने प्रसिद्ध सांवलिया मंदिर में पूजा-अर्चना भी की. जनसभा में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सी.पी. जोशी, नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल मौजूद थे.

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री गहलोत ने हाल में कई बार कहा है कि मोदी को यह गारंटी देनी चाहिए कि अगर राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्ता में आती है तो वह मौजूदा कांग्रेस सरकार की योजनाएं बंद नहीं करेगी. इसका जिक्र करते हुए मोदी ने कहा, ”यहां मुख्यमंत्री गहलोत जी को भी पता है कि कांग्रेस सरकार की विदाई का ‘काउंटडाउन’ (उलटी गिनती) शुरू हो चुका है. दिल्ली में बैठे कुछ लोगों को भले ही भरोसा न हो कि गहलोत जी जा रहे हैं, लेकिन गहलोत जी को खुद पर भरोसा है कि वो जा रहे हैं और इसलिए गहलोत जी ने भी एक प्रकार से भाजपा को बधाई दे दी है.”

उन्होंने कहा, ”कांग्रेस के मुख्यमंत्री आजकल आग्रह कर रहे हैं कि भाजपा की सरकार बनने के बाद उनकी योजनाओं को बंद न किया जाए. तो पहले तो गहलोत जी ने अपनी पराजय स्वीकार कर ली और हमारी सरकार बनेगी इस बात को सार्वजनिक रूप से कह दिया… मैं आपका आभार व्यक्त करता हूं.” मोदी ने कहा, ह्लमैं राजस्थान की जनता को विश्वास दिलाता हूं कि भले ही गहलोत जी की सरकार ने योजनाएं शुरू की होंगी, लेकिन जनहित की किसी योजना को भाजपा अपनी सरकार बनने के बाद रोकेगी नहीं, बल्कि उसको अच्छा करने का, उसे बेहतर बनाने का प्रयास करेगी. और ये मोदी की गारंटी है. मोदी की गारंटी मतलब, हर गारंटी के पूरा होने की गारंटी.”

इसके बाद मुख्यमंत्री गहलोत ने ‘एक्स’ पर लिखा कि ”दूध का जला छाछ भी फूंक-फूंक कर पीता है.” गहलोत ने कहा, ”2008 से 2013 के बीच जब मैं मुख्यमंत्री था तो मेरी सरकार द्वारा शुरू की गईं कई योजनाओं और परियोजनाओं को 2013 के बाद भाजपा सरकार ने रोक दिया. …दूध का जला छाछ भी फूंक-फूंक कर पीता है. राजस्थान की जनता को अहसास है कि उनके हित और अधिकार की लोकप्रिय योजनाएं सिर्फ हमारी कांग्रेस सरकार में सुरक्षित हैं. कांग्रेस मतलब भरोसा.” वहीं, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने माना है कि अशोक गहलोत सरकार की योजनाएं अच्छी हैं.

खेड़ा ने जयपुर में संवाददाता सम्मेलन में कहा, ”हमारे मुख्यमंत्री (गहलोत) जादूगर तो हैं ही.. उन्होंने दो तीन दिन पहले एक जाल फेंका …आज प्रधानमंत्री जी उस जाल में फंस गये.. जाल क्या था कि अगर आपकी सरकार आती है तो हमारी अच्छी योजनाओं को आप जारी रखेंगे.” उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री ने मान लिया कि हमारी योजनाएं अच्छी हैं.. जब हमारी योजनाएं अच्छी हैं तो आपको वोट कौन देगा? वोट तो हमें ही मिलेगा.” वहीं, जनसभा में भ्रष्टाचार और महिला सुरक्षा को लेकर गहलोत सरकार पर हमला बोलते हुए मोदी ने कहा कि जब भी देश में कहीं भी बेटियों के साथ अन्याय होता है तो उन्हें बहुत तकलीफ होती है.

उन्होंने कहा, ”लेकिन राजस्थान में तो कांग्रेस सरकार ने बेटियों से अन्याय की परंपरा ही बना दी है.” प्रश्नपत्र लीक माफिया के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देते हुए मोदी ने कहा, ”मैं आपको भरोसा देता हूं, नौजवानों के भविष्य के साथ जिसने खिलवाड़ किया है, ऐसे पेपर लीक माफिया को छोड़ा नहीं जाएगा. उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी.” मोदी ने कहा, ”जिन-जिन लोगों ने भ्रष्टाचार किया है, गरीबों के पैसे लूटे हैं, उनके खिलाफ तो कार्रवाई जरूर होगी. ये भी मोदी की गारंटी है. ये लोग मोदी को चाहे जितना गाली देते रहें, चाहे जितना उसकी कब्र खोदने के सपने देखते रहें, भ्रष्टाचार पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी.ह्व प्रधानमंत्री ने पिछले साल उदयपुर में हुई दर्जी कन्हैया लाल की निर्मम हत्या का जिक्र करते हुए उपस्थित लोगों पूछा कि क्या राज्य की जनता ने इसके लिए कांग्रेस को वोट दिया था?

उन्होंने दावा किया, ”जो कांग्रेस सरकार, जानमाल की सुरक्षा नहीं कर सकती, उसको हटाना बहुत जरूरी है. आप मुझे बताइए, जो उदयपुर में हुआ, वैसी कभी आपने कल्पना भी की थी? कपड़े सिलाने के बहाने लोग आते हैं और बिना डर, बिना खौफ के टेलर का गला काट देते हैं. …कांग्रेस सरकार को इसमें भी वोट बैंक की चिंता सताती है.” प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस द्वारा बनाए गए ”विकास विरोधी” माहौल के कारण कोई भी तीज-त्योहार राजस्थान में शांति से मना पाना संभव नहीं है. उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के अलावा राज्य में समृद्धि, रोजगार और विकास लाएगी.

मोदी ने आरोप लगाया कि राजस्थान के लोगों को भ्रम में डालकर कांग्रेस ने यहां सरकार तो बना ली लेकिन सरकार चला नहीं पाई. उन्होंने कहा, ”यहां गहलोत जी सोते-जागते, उठते-बैठते मुख्यमंत्री की कुर्सी बचाने में लगे थे और आधी कांग्रेस उनकी कुर्सी गिराने में जुटी थी. जनता को अपने हाल पर छोड़कर ये लोग आपसी लड़ाई में ही व्यस्त रहे.”

उन्होंने आरोप लगाया, ”कांग्रेस ने राजस्थान को लूटने में कोई कमी नहीं छोड़ी. पांच साल राजस्थान में कांग्रेस ने यही किया है. हर भ्रष्टाचारी, हर गुंडा, हर दंगाई, हर अत्याचारी, कांग्रेस का हर नेता खुद को राजस्थान की सरकार मान बैठा है.” प्रधानमंत्री ने कहा, ”राजस्थान ने आह्वान कर दिया है- राजस्थान को बचाएंगे, भाजपा सरकार को लाएंगे.” मोदी ने यह भी आरोप लगाया कि जब भी कांग्रेस चुनाव हारने वाली होती है वह झूठी घोषणाएं करने में लग जाती है.

प्रधानमंत्री ने अपराध के मामले में राजस्थान को शीर्ष पर बताते हुए कहा, ”आज जब अराजकता, दंगे और पथराव की बात आती है तो राजस्थान का नाम बदनाम होता है. आज हमारा राजस्थान महिलाओं, दलितों और पिछड़ों पर अत्याचार के मामलों में सबसे ज्यादा बदनाम हो रहा है.” मोदी ने कहा, ”राजस्थान की पहचान आतिथ्य सत्कार की है. लोक संगीत की है, लोक संस्कृति की है. लेकिन पांच साल में कांग्रेस की सरकार ने राजस्थान की साख को तबाह कर दिया.” विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि वे महिलाओं के बारे में अपमानजनक बातें कह रहे हैं.

मोदी ने कहा, ”कांग्रेस के ‘घमंडिया’ गठबंधन के नेता महिलाओं को लेकर कैसी-कैसी अपमानित करने वाली बातें कर रहे हैं, ये आए दिन हम देख रहे हैं. ये चाहते ही नहीं कि महिलाओं को उनका हक मिले. इसलिए बहाने बना रहे हैं, जाति-धर्म के नाम पर भ्रम फैला रहे हैं.” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी राज्य के आगामी चुनाव में किसी को मुख्यमंत्री पद के चेहरे के रूप में पेश नहीं करेगी.
मोदी ने कहा, ”इस चुनाव में हमारा एक ही चेहरा है और वो चेहरा है ‘कमल’. इस ‘कमल’ को ही भारी बहुमत से जिताना है. और हम इस ‘कमल’ के नेतृत्व में, ‘कमल’ के निशान से राजस्थान का भाग्य भी तेज गति से आगे बढ.ाएंगे.”

मोदी ने कहा, ”हमारी उम्मीद ‘कमल’ है, हमारा उम्मीदवार ‘कमल’ है. हम ‘कमल’ खिलाएंगे, भाजपा को जिताएंगे, इसी लक्ष्य के साथ हम सबको एकजुटता के साथ आगे निकलना है.” प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य के हर गरीब को रहने के लिए पक्की छत मिलेगी. उन्होंने कहा, ”आज मैं राजस्थान के हर गरीब, दलित, पिछड़े और आदिवासी परिवारों को एक और गारंटी दे रहा हूं. मोदी हर गरीब को पक्की छत देगा, पक्का घर देगा.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu