युवक की मौत पर गुस्साई भीड़ ने थाना में रखे वाहन फूंके, 15 लोग गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 05 Oct 2023 07:44 PM
युवक की मौत पर गुस्साई भीड़ ने थाना में रखे वाहन फूंके, 15 लोग गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

मुजफ्फरपुर. बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गरहां पुलिस चौकी क्षेत्र में एक युवक की मौत के बाद उग्र भीड़ ने बुधवार की शाम को जमकर उत्पात मचाया और पुलिस चौकी में रखे वाहनों और कई जब्त मोटरसाइकिल में आग लगा दी. पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि इस मामले में अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

मुजफ्फरपुर के पुलिस अधीक्षक (सिटी) अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि इस मामले में तीन प्राथमिक की दर्ज की गई हैं. पहला मामला शराब को लेकर छापामारी से जुड़ा है जिसमें दो लोग गिरफ्तार किए गए थे. गिरफ्तार लोगों से प्राप्त जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने पर कुछ लोग मोटरसाइकिल से उतरकर फरार हो रहे थे, जिसमें से एक व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ लिया जबकि दूसरा व्यक्ति फरार हो गया था.

ग्रामीणों के अनुसार, फरार व्यक्ति की पहचान जितेंद्र यादव के रूप में हुई है जो शराब विरोधी दस्ते से बचने के लिए कथित तौर पर अपने गांव के एक तालाब में कूद गया जिससे उसकी डूबने से मौत हो गयी थी. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है. मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर पर यह संज्ञेय अपराध का मामला नहीं लगता है. उन्होंने बताया कि मृतक के शव को लेकर लोग पुलिस चौकी परिसर में पहुंच गये और वहां रखे वाहनों में आग लगा दी. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस चौकी में आगजनी करने के मामले में करीब 35 ज्ञात लोगों और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है.

उन्होंने कहा कि अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और पांच अन्य लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है. उन्होंने इस बात की भी पुष्टि की कि शराब के मामले में गिरफ्तार किए गए मृतक के बड़े भाई धर्मेंद्र को भीड़ द्वारा पुलिस हिरासत से छुड़ा लिया गया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu