नयी दिल्ली/जम्मू. कांग्रेस की दिल्ली इकाई के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा राहुल गांधी को एक पोस्टर के माध्यम से ‘नए युग का रावण’ बताए जाने के खिलाफ शुक्रवार को यहां भाजपा के प्रदेश कार्यालय के निकट प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला फूंका और उनके खिलाफ नारे लगाये. विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी (डीपीसीसी) के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने किया.
लवली ने कहा, ”हम भाजपा से जानना चाहते हैं कि राहुल गांधी से उन्हें क्या दिक्कत है? अगर राहुल जी गरीब किसानों, कुलियों, बच्चों से मिल रहे हैं और स्वर्ण मंदिर में मत्था ठेक रहे हैं, तो क्या इससे भाजपा को परेशानी होती है? भाजपा भगवान राम के नाम पर राजनीति करती है, इसका परिणाम उन्हें अगले चुनाव में मिलेगा.” भाजपा ने बृहस्पतिवार को राहुल गांधी को दशानन के रूप में दर्शाते हुए एक तस्वीर साझा की थी और उन्हें ‘नए युग का रावण’ करार दिया था, जिसपर कांग्रेस ने पलटवार करते हुए कहा था कि यह उसके पूर्व अध्यक्ष के खिलाफ हिंसा भड़काने और उनकी हत्या कराने का प्रयास है.
देश 75 साल में दूसरा गांधी नहीं पैदा कर सका, लेकिन भाजपा ने 10 साल में कई गोडसे बना दिए: महबूबा
पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने शुक्रवार को कहा कि देश पिछले 75 वर्षों में दूसरा महात्मा गांधी पैदा नहीं कर सका, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पिछले दशक में कई नाथूराम गोडसे बना दिए. मुफ्ती भाजपा के एक पोस्टर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी का ‘नये युग के रावण’ के रूप में चित्रण किये जाने के बारे में पूछे गए सवालों का जवाब दे रही थीं. यहां पत्रकारों से बातचीत में मुफ्ती ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति किसी भाजपा नेता का इसी तरह का पोस्टर जारी करता, तो उसे ”बिना किसी मामले या जांच के तुरंत जेल में डाल दिया जाता” और जमानत भी नहीं दी जाती.
भाजपा ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्टर साझा कर उसमें राहुल गांधी का चित्रण ‘नए युग के रावण’ के रूप किया है, जिसकी कांग्रेस ने कड़ी आलोचना की तथा इसे पूरी तरह से ”अस्वीकार्य” और ”बेहद खतरनाक” कहा. पीडीपी सुप्रीमो ने कहा कि भाजपा की हरकतें विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ के प्रति उसकी हताशा का परिणाम हैं. उन्होंने कहा, ”यह उनकी (भाजपा नेताओं की) हताशा को दर्शाता है. वे ‘इंडिया’ गठबंधन के कारण पूरी तरह हताश हैं. दिल से, वे जानते हैं कि उन्होंने हिंदू और मुसलमान को बांटने समेत जो रणनीति अपनाई, वह विफल हो गई है.” मुफ्ती ने महात्मा गांधी के आदर्शों को बढ.ावा देने के प्रयास के लिए राहुल पर हमला करने को लेकर भाजपा पर निशाना साधा. उन्होंने हाल के वर्षों में गोडसे जैसी विचारधारा वाले लोगों की संख्या बढ.ने पर चिंता व्यक्त की.
उन्होंने कहा, ”एक व्यक्ति इस देश में गोडसे की विचारधारा के खिलाफ कड़ी मेहनत कर रहा है. वे उसे निशाना बना रहे हैं. आपने (भाजपा) गोडसे की सेना तैयार कर दी. हम पिछले 70 से 75 वर्षों में गांधी पैदा नहीं कर सके, लेकिन उन्होंने पिछले 10 वर्षों में कई गोडसे को जन्म दिया है.” पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे माहौल में ”सांस लेना मुश्किल” हो रहा है. पीडीपी प्रमुख ने ‘सनातन धर्म’ को कायम रखने के भाजपा के दावे पर सवाल उठाया और पूछा कि क्या उसके कार्य वास्तव में सनातन की शिक्षाओं को प्रतिबिंबित करते हैं.
मुफ्ती ने ‘वसुधैव कुटुंबकम’ के अनुसरण पर जोर देते हुए कहा कि भाजपा अपने कार्यों में विफल रही. पीडीपी प्रमुख ने सवाल किया, ”वे लोग सनातन धर्म के नाम पर कसम खाते हैं. क्या वे जानते हैं कि सनातम धर्म क्या है? क्या सनातन धर्म हमें यही सिखाता है कि अपने प्रतिद्वंद्वी का चित्रण रावण के रूप में करो?” उन्होंने सवाल किया, ”सनातन धर्म हमें वसुधैव कुटुंबकम की शिक्षा देता है. वे किसे एक परिवार के रूप में मान रहे हैं?”
मुफ्ती ने भारत के बाहर भाजपा नेताओं द्वारा मस्जिदों और मुस्लिम नेताओं के प्रति सम्मान दिखाने और देश के भीतर पीटकर हत्याएं किये जाने और गलत दुष्प्रचार की घटनाओं की ओर इशारा किया. मुफ्ती ने कहा, ”वे मस्जिदों में जा रहे हैं और बाहर मुस्लिम नेताओं को गले लगा रहे हैं. लेकिन यहां वे मुसलमानों की पीटकर जान ले रहे हैं. वे झूठ फैलाते हैं.” उन्होंने दावा किया कि भाजपा युवाओं को ”जय श्री राम के नाम पर मुसलमानों को मारने” के लिए उकसा रही है. मुफ्ती ने भाजपा पर जम्मू में टोल टैक्स, स्मार्ट मीटर और संपत्ति कर जैसे उपायों के माध्यम से जम्मू-कश्मीर और लद्दाख पर कई वित्तीय बोझ डालने का आरोप लगाया.