विपक्ष को कमजोर करने के लिए गलत मामले थोपे जा रहे हैं, डर का माहौल पैदा किया जा रहा है: केजरीवाल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 06 Oct 2023 10:34 PM
विपक्ष को कमजोर करने के लिए गलत मामले थोपे जा रहे हैं, डर का माहौल पैदा किया जा रहा है: केजरीवाल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को यहां कहा कि विपक्षी नेताओं और दलों पर नकेल कसने और धमकी देने की कोशिश के तहत उनके खिलाफ गलत मामले थोपे जा रहे हैं और ”डर का माहौल” पैदा किया जा रहा है जो देश के लिये अच्छा नहीं है. आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख ने केंद्रीय एजेंसियों द्वारा की गई कई छापेमारी की कार्रवाई पर पत्रकारों के सवालों के जवाब में ये बातें कहीं.

केजरीवाल ने कहा, ”हम देख रहे हैं कि किस तरह से विपक्षी नेताओं और पार्टियों को काबू में रखने तथा धमकाने के प्रयास के तहत गलत मामले थोपे जा रहे हैं.” उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल करने के लिए लोगों को ”बांटा’ जा रहा है जो लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है.

वर्ष 2021-22 की दिल्ली आबकारी नीति मामले से संबंधित धन शोधन जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (इ्रडी) द्वारा आप के वरिष्ठ नेता संजय सिंह की गिरफ्तारी के दो दिन बाद केजरीवाल की यह टिप्पणी सामने आई है. केजरीवाल ने यह भी दावा किया कि न सिर्फ विपक्षी दलों के नेताओं बल्कि कई कारोबारियों को भी ”निशाना बनाया जा रहा है”.

उन्होंने कहा, ”देश में डर का माहौल पैदा किया जा रहा है जो न सिर्फ राजनीति में बल्कि कारोबार और उद्योग जगत में भी फैल रहा है. डर का यह माहौल देश के लिए ठीक नहीं है. देश इस तरह से विकास नहीं कर सकता. इस तरह से ‘एजेंसी-एजेंसी’ खेलने से देश का विकास नहीं होगा.” मुख्यमंत्री ने पूर्वी दिल्ली में गाजीपुर ‘लैंडफिल’ साइट का दौरा करने के दौरान पत्रकारों से बात की.

सिंह के खिलाफ लगे आरोपों के बारे में पूछे जाने पर केजरीवाल ने कहा, ”सबकुछ गलत है. सारे बयान झूठे हैं.” ईडी ने बुधवार को सिंह को गिरफ्तार किया था. यहां की एक अदालत ने आप के राज्यसभा सदस्य को बृहस्पतिवार को पांच दिन की ईडी की हिरासत में भेज दिया.

केजरीवाल ने केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने पहले दिल्ली में ”बस घोटाला”, फिर ”कक्षा घोटाला”, ”बिजली घोटाला”, सड़क निर्माण और जल आपूर्ति में घोटाले का आरोप लगाया था लेकिन ”कुछ भी सामने नहीं आया”. उन्होंने कहा कि यह शराब ”घोटाला” भी ”मनगढ़ंत” है. उन्होंने कहा कि पैसे का कोई आदान-प्रदान नहीं हुआ था और जांच एजेंसियों के पास अदालत में दिखाने के लिए इसके खिलाफ कोई सबूत नहीं है.

मुख्यमंत्री ने कहा, ”उनकी (भाजपा की) मंशा लोगों को इन एजेंसियों में उलझाना है और वे न तो खुद काम करेंगे और न ही दूसरों को काम करने देंगे.” उन्होंने कहा कि अगर ये स्पष्ट हो जाएगा कि ”शराब घोटाला” जैसा कुछ भी नहीं है तो ”वे एक नया घोटाला लेकर आएंगे”.

केजरीवाल ने कहा कि भाजपा के इरादे ‘गलत’ हैं और वह बड़प्पन तब दिखाते जब पार्टी दिल्ली में आप सरकार की तुलना में अधिक स्कूल, अस्पताल और मोहल्ला क्लीनिक बनाती. उन्होंने कहा कि उनमें बड़प्पन नहीं है क्योंकि ”वे हमें और अधिक स्कूल और अस्पताल नहीं बनाने देंगे”.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu