दिल्ली में कार से घसीटने का मामला: अदालत ने दो आरोपियों को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 13 Oct 2023 09:13 PM
दिल्ली में कार से घसीटने का मामला: अदालत ने दो आरोपियों को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली की एक अदालत ने यहां के वसंत कुंज इलाके में कार छीनने के प्रयास का विरोध करने पर घसीटे जाने से वाहन चालक की हुई मौत के मामले में गिरफ्तार किए गए दो लोगों को शुक्रवार को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया. मामले में आरोपी यात्री बनकर कार में बैठे थे. आरोपियों ने हवाई अड्डे के रास्ते में ड्राइवर का फोन और बटुआ छीन लिया था. इसके बाद ड्राइवर को कार से धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.

आरोपियों को मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट अनिमेष भास्कर मणि त्रिपाठी के समक्ष पेश किया गया, जिन्होंने दिल्ली पुलिस को आरोपियों को हिरासत में पूछताछ की अनुमति प्रदान की. पुलिस ने आरोपियों की सात दिन की हिरासत के लिए अर्जी दायर की थी. दक्षिण पश्चिम दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में बिजेंदर शाह (43) को आरोपियों द्वारा वाहन लूट के बाद उनके ही वाहन के पिछले पहिये के नीचे एक किलोमीटर से अधिक दूरी तक घसीटा गया. मंगलवार रात करीब 11.30 बजे दिल्ली पुलिस को विजेंदर का शव राष्ट्रीय राजमार्ग-आठ की साइड लेन पर पड़ा मिला.

घटना सामने आने के कुछ घंटों बाद, दिल्ली पुलिस ने कहा कि उसने मेहराज सलमानी (33) और आसिफ (24) को गिरफ्तार किया और चोरी का वाहन बरामद कर लिया है. अदालत के सूत्रों ने कहा कि दोनों आरोपी मेरठ के निवासी हैं और उन्हें मेरठ की एक अदालत से ‘ट्रांजिट रिमांड’ पर राष्ट्रीय राजधानी लाया गया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu