चंद्रयान-2 की नाकामी के बाद चंद्रयान-3 को निर्धारित किया गया :इसरो के पूर्व प्रमुख सिवन

पणजी. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के पूर्व प्रमुख के. सिवन ने शुक्रवार को कहा कि चंद्रयान-2 की नाकामी के एक दिन बाद चंद्रयान-3 को निर्धारित किया गया था और इसके लिए तुरंत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंजूरी मिल गई थी. दक्षिण गोवा में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) के नौवें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए सिवन ने कहा कि किसी को भी नाकामियों से सीखना चाहिए और आगे बढ़ना चाहिए.

उन्होंने कहा, ”चंद्रयान-2 की नाकामी के महज एक दिन बाद, हमने चंद्रयान-3 को निर्धारित किया. हमने नाकामी के कारण इसे ठंडे बस्ते में नहीं डाला.” उन्होंने कहा, ”(चंद्रयान-2 के) नाकाम होने के बावजूद, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंजूरी देने में उदारता दिखाई. हमने सीखा कि चंद्रयान-2 के साथ क्या गलत रहा. हम कुछ समय के लिए नाखुश थे लेकिन अगले ही क्षण हम आगे बढ़ गए और आप चंद्रयान-3 की सफलता को देख सकते हैं.” सिवन ने कहा, ”आपको असफलताओं से सीखना चाहिए, उन पर जीत हासिल करनी चाहिए, आगे बढ़ना चाहिए और उनमें महारत हासिल करनी चाहिए. यदि आप नाकामी से डरते हैं, तो आप जीवन में दीर्घकालिक विफलता का जोखिम उठा रहे हैं.”

Related Articles

Back to top button