
रांची. झारखंड में सुरक्षाकर्मी एक घायल माओवादी की जान बचाने के लिए उसे अपने कंधों पर लादकर पश्चिम सिंहभूम जिले के जंगल में पांच किलोमीटर तक पैदल चले. पुलिस के एक बयान में यह जानकारी दी गई. बयान के मुताबिक, शुक्रवार को हुसिपी के जंगल में माओवादियों के साथ मुठभेड़ के बाद सुरक्षार्किमयों को एक घायल माओवादी दर्द से कराहता मिला, जिसे उसके साथी छोड़कर चले गए थे.
इसमें कहा गया है कि जंगल में बारूदी सुरंगें बिछी हुई थीं, जिसके बीच सुरक्षार्किमयों ने घायल माओवादी को अपने कंधे पर उठाया, पांच किलोमीटर तक चले और उसकी जान बचाने के लिए उसे अपने हाथी बुरु शिविर में ले आए. बयान के अनुसार, शिविर में चिकित्सा अधिकारियों ने घायल माओवादी को प्राथमिक उपचार दिया. इसमें कहा गया है कि शनिवार को घायल माओवादी को बेहतर इलाज के लिए विमान से राजधानी रांची के एक अस्पताल में ले जाया गया. झारखंड पुलिस पश्चिमी सिंहभूम जिले में माओवादी विरोधी अभियान चला रही है.



