चुनावी पिच पर जीतने के लिए आक्रामक बल्लेबाजी, उचित क्षेत्ररक्षण करूंगा : मोहम्मद अजहरुद्दीन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 29 Oct 2023 08:27 PM
चुनावी पिच पर जीतने के लिए आक्रामक बल्लेबाजी, उचित क्षेत्ररक्षण करूंगा : मोहम्मद अजहरुद्दीन
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. क्रिकेट के मैदान पर कभी अपनी धुआंधार बल्लेबाजी और तेजी से गेंद लपकने के लिए पहचाने जाने वाले मोहम्मद अजहरुद्दीन ने तेलंगाना में चुनावी मैदान में उतरते हुए कहा कि वह इस नयी पिच पर आक्रामक बल्लेबाजी और उचित क्षेत्ररक्षण करेंगे.
कांग्रेस ने उन्हें जुबली हिल्स विधानसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है. हैदराबाद के धाकड़ बल्लेबाज अजहरुद्दीन ने क्रिकेट के क्षेत्र में अपनी एक अलग छाप छोड़ी थी.

एक के बाद एक लगातार तीन शतकों से क्रिकेट करियर का आगाज करने वाले अजहरुद्दीन ने 2009 में उत्तर प्रदेश की मुरादाबाद लोकसभा सीट से जीत दर्ज कर अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत की थी. वह 2014 में राजस्थान की टोंक-सवाई माधोपुर सीट से हार गए थे और अब वह पहली बार तेलंगाना के चुनावी मैदान में उतरते हुए सिकंदराबाद लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के तहत आने वाली जुबली हिल्स विधानसभा सीट भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) से छीनने की कोशिश करेंगे.

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षात्कार में कहा कि वह उत्तर प्रदेश से सांसद बनने और फिर टोंक-सवाई माधोपुर से 2014 का लोकसभा चुनाव असफलतापूर्वक लड़ने के बाद अपने गृह राज्य से चुनाव लड़ना और तेलंगाना के लोगों के लिए कुछ करना चाहते हैं.

अजहरुद्दीन ने कहा, ”मुझे अपने राज्य से इस बार टिकट पाकर बहुत खुशी हुई. मैं आलाकमान – मल्लिकार्जुग खरगे जी, सोनिया गांधी जी, राहुल जी, प्रियंका जी और सबसे महत्वपूर्ण हमारे पीसीसी प्रमुख ए रेवंत रेड्डी को मुझे यह अवसर देने के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं. इंशा अल्लाह हम अपना सर्वश्रेठ प्रयास करेंगे और चुनाव जीतेंगे.” तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि तेलंगाना में कांग्रेस के पक्ष में ”बदलाव की बयार” बह रही है और ”हम निश्चित रूप से जीतेंगे.”

उन्होंने कहा, ”यह सही समय है, हमारे पास सही लोग हैं, हम कड़ी मेहनत कर रहे हैं और जनता भी चाहती है कि कांग्रेस सत्ता में आए. केवल कुछ शहरी इलाकों में विकास हुआ है और कहीं नहीं, इसलिए हम वहां ध्यान केंद्रित करेंगे और हमने जो छह गारंटी दी हैं, हम निश्चित रूप से उन्हें लागू करेंगे.” साल 2009 में मुरादाबाद से लोकसभा चुनाव का टिकट मिलने के बाद से कांग्रेस में बने रहने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि उनके लिए शुरुआत से ही निष्ठा काफी महत्वपूर्ण है.

अजहरुद्दीन (60) ने कहा, ”मेरा हमेशा से मानना है कि जब भी कोई आपको मौका देता है तो आपको वफादार रहना चाहिए.” उन्होंने कहा कि लोगों ने देखा है कि बीआरएस ने क्या किया है और वे जानते हैं कि कांग्रेस ने पूर्व में उनके लिए काफी कुछ किया है. अजहरुद्दीन ने कहा कि आजादी के बाद से जो भी विकास हुआ है वह कांग्रेस के शासन में हुआ है. उन्होंने कहा, ”इसलिए हम निश्चित तौर पर तेलंगाना में खासतौर से उन इलाकों का विकास करेंगे जिन्हें पीछे छोड़ दिया गया.” उन्होंने कहा कि अमीर लोग और अमीर हो रहे हैं तथा गरीब और गरीब हो रहे हैं इसलिए उनके साथ न्याय करने की जरूरत है.

कांग्रेस नेता ने कहा, ”लोग बदलाव और विकास चाहते हैं. खासतौर से अल्पसंख्यकों के मामलों में कुछ नहीं किया गया और केवल बातें की गईं. पिछड़े वर्गों का भी विकास नहीं हुआ.” जुबली हिल्स में मुकाबले पर अजहरुद्दीन ने कहा कि उनके पास निर्वाचन क्षेत्र के लोगों का विश्वास है क्योंकि उन्होंने जब भी उनसे बात की है तो उन्हें जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है. यह पूछने पर कि वह अपनी चुनावी लड़ाई में क्रिकेट से क्या प्रेरणा लेंगे, इस पर अजहरुद्दीन ने कहा कि आपको इन चीजों में आक्रामक होना पड़ेगा और आक्रामकता के साथ प्रचार करना करना पड़ेगा.

अजहरुद्दीन ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, ”हम इस पिच पर उचित रूप से क्षेत्ररक्षण करेंगे और जीतेंगे जो कि बहुत बड़ी है, न कि केवल 22 यार्ड की है.” बीआरएस के गोपीनाथ मगांती जुबली हिल्स से मौजूदा विधायक हैं. कांग्रेस राज्य में बीआरएस सरकार को सत्ता से बाहर करने की कोशिश कर रही है. तेलंगाना में 119 विधानसभा सीट के लिए मतदान 30 नवंबर को होगा और नतीजों की घोषणा तीन दिसंबर को की जाएगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu