कांग्रेस चाहती है कि समाजवादी विचारधारा खत्म हो जाए : अखिलेश यादव

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 07 Nov 2023 07:27 PM
कांग्रेस चाहती है कि समाजवादी विचारधारा खत्म हो जाए : अखिलेश यादव
ऑडियो सुनें

भोपाल. समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने मंगलवार को दावा किया कि कांग्रेस चाहती है कि समाजवादी विचारधारा खत्म हो जाये, लेकिन उनकी पार्टी का संकल्प इसे और अधिक फैलाने का है. यादव मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र में निवाड़ी जिले के ओरछा में रामराजा मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे. मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को विधानसभा चुनाव हैं.

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सपा और कांग्रेस द्वारा गठबंधन नहीं करने के बारे में पूछे जाने पर यादव ने कहा, “हम राजनीति में हैं क्योंकि हमारी विचारधारा उनसे अलग है.” उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री यादव ने कहा , ”कुछ परिस्थितियों के कारण हम कांग्रेस के साथ थे लेकिन कांग्रेसियों को एहसास हुआ कि समाजवादियों की कोई जरूरत नहीं है, इसलिए हमें लौटा दिया गया.”

सपा प्रमुख ने कहा, ”हम समाजवादी अपनी ही पार्टी को खत्म नहीं कर सकते.” उन्होंने कहा कि इसी विचारधारा को नेता जी (उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव) ने आगे बढ़ाया था, जिसके लिए राम मनोहर लोहिया ने नेहरू (जवाहरलाल नेहरू) के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी.

उन्होंने कहा, ”हम समाजवादी विचारधारा को खत्म नहीं होने देंगे. कांग्रेस चाहती है कि समाजवादी विचारधारा खत्म हो जाए. हमारा संकल्प इस विचारधारा को और अधिक फैलाने का है.” मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे को लेकर सपा और कांग्रेस में मतभेद हो गया. विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ का हिस्सा होने के बावजूद दोनों दल मध्यप्रदेश में अलग-अलग चुनाव लड़ रहे हैं.

यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश की जनता कांग्रेस और भाजपा से परे बदलाव चाहती है. उन्होंने दावा किया कि इस क्षेत्र (बुंदेलखंड) के 90 प्रतिशत युवा बेरोजगार हैं और जिनके पास खेती की जमीन नहीं है वे नौकरियों के लिए पलायन करने को मजबूर हैं. उन्होंने सवाल किया कि क्या यहां (मध्य प्रदेश) और दिल्ली (केंद्र) में डबल इंजन सरकार बेरोजगारी और महंगाई बढ़ाने के लिए बनाई गई थी?

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हाल ही में गरीब लोगों के लिए केंद्र की मुफ्त राशन योजना को अगले पांच वर्षों तक बढ़ाने की घोषणा की.
यादव ने कहा कि भाजपा ने दावा किया है कि लोग गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) श्रेणी से बाहर आ गये हैं, अगर लोग बीपीएल श्रेणी से बाहर आ गए हैं, अगर ऐसा हुआ है तो पांच साल तक मुफ्त राशन क्यों दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि यह हमारी अर्थव्यवस्था की कमजोरी को दर्शाता है. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में सपा के लिए गुंजाइश है. मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीट के लिए 17 नवंबर को चुनाव होंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu