जयपुर. राजस्थान के गंगानगर जिले के करणपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार गुरमीत सिंह कुन्नर का दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्वज्ञिान संस्थान (एम्स) में उपचार के दौरान निधन हो गया. पार्टी सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी. सूत्रों के अनुसार, कुन्नर (75) को एम्स के जेरिएट्रिक मेडिसिन वार्ड में भर्ती कराया गया था.
अस्पताल के प्रमाण पत्र के मुताबिक, कुन्नर का निधन सेप्टिक शॉक और गुर्दे की बीमारी के कारण हुआ. वह उच्च रक्तचाप से भी पीड़ित थे और उन्हें 12 नवंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था. कुन्नर राजस्थान की करणपुर सीट से कांग्रेस के विधायक थे. पार्टी ने इस विधानसभा चुनाव में भी उन्हें उम्मीदवार बनाया था. राज्य में 25 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने वाले हैं.
उन्हें 200 सदस्यीय राजस्थान विधानसभा के लिए 25 नवंबर को होने वाले चुनाव के लिए भाजपा नेता सुरेंद्र पाल सिंह के खिलाफ करणपुर सीट से पार्टी ने मैदान में उतारा था. निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने जन प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 52 का हवाला देते बताया कि यदि किसी मान्यता प्राप्त राज्य या राष्ट्रीय पार्टी द्वारा मैदान में उतारे गए उम्मीदवार की मतदान से पहले मृत्यु हो जाती है तो निर्वाचन अधिकारी उस सीट पर मतदान “स्थगित” कर देता है और नई तारीख की घोषणा बाद में की जाती है .
अधिनियम की धारा 52 (2) के अनुसार ऐसे में निर्वाचन आयोग मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल, जिसके उम्मीदवार की मृत्यु हो गई है, से दूसरे उम्मीदवार को नामांकित करने के लिए कहता है. राजस्थान में चुनाव आयोग कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि “उम्मीदवार के निधन के कारण करणपुर सीट पर चुनाव स्थगित कर दिया जाएगा. चुनाव आयोग द्वारा मतदान की नई तारीख अधिसूचित की जाएगी.” मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कुन्नर के निधन पर शोक जताते हुए इसे पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताया है.
गहलोत ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, ”करणपुर से विधायक एवं पूर्व मंत्री गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन की सूचना से मुझे बेहद दुख हुआ है. कुन्नर लंबे समय तक, अस्वस्थ होते हुए भी अपने क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए हमेशा प्रयासरत रहते थे. कुन्नर साहब का निधन कांग्रेस पार्टी एवं राजस्थान की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है.”