‘पनौती’ वाली टिप्पणी को लेकर कांग्रेस और भाजपा में आरोप-प्रत्यारोप जारी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 24 Nov 2023 08:57 PM
‘पनौती’ वाली टिप्पणी को लेकर कांग्रेस और भाजपा में आरोप-प्रत्यारोप जारी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी द्वारा ‘पनौती’ शब्द का इस्तेमाल किए जाने को लेकर कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच शु्क्रवार को उस वक्त तीखे आरोप-प्रत्यारोप देखने को मिले जब विपक्षी दल ने ‘पनौती-ए-आजम’ शीर्षक से एक पोस्टर सोशल मीडिया में पोस्ट किया. भाजपा ने इस पर यह कह कर पलटवार किया कि देश के लिए ‘असली पनौती’ गांधी परिवार है.

कांग्रेस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने आधिकारिक हैंडल के जरिये एक पोस्टर पोस्ट किया जिस पर प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर है और ‘पनौती-ए-आजम’ लिखा हुआ है. इस पर पलटवार करते हुए भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने एक पोस्टर जारी किया जिस पर गांधी परिवार के सदस्यों की तस्वीरें हैं.

उन्होंने कहा, ”भारत की असली पनौती…पी- परिवारवाद, ए- आतंकवाद, एन- नेपोटिज्म (भाई-भतीजावाद), ए- ‘ऐब्सल्यूट करप्शन’ (संपूर्ण भ्रष्टाचार), यू- ‘अंडरपरफॉर्मिंग इकॉनमी’ (सुस्त पड़ी अर्थव्यवस्था), टी- तुष्टीकरण, आई- ‘इग्नोरिंग नेशन इंट्रेस्ट फॉर वोटबैंक (वोटबैंक के लिए राष्ट्रीय हित की उपेक्षा करना).”

राहुल गांधी ने गत रविवार को अहमदाबाद में विश्व कप क्रिकेट के फाइनल मैच में ऑस्ट्रेलिया के हाथों भारत की हार के बाद राजस्थान में एक चुनावी भाषण में मोदी के खिलाफ ‘पनौती’ शब्द का इस्तेमाल किया था. आम तौर पर ‘पनौती’ शब्द ऐसे व्यक्ति को संर्दिभत करता है जो दुर्भाग्य लेकर आता है, अपशगुन करता है. राहुल गांधी की इस टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को निर्वाचन आयोग का दरवाजा खटखटाया था. आयोग ने इसके बाद बृहस्पतिवार को राहुल गांधी को कारण बताओ नोटिस जारी किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu