बारिपदा. पुलिस ने ओडिशा के मयूरभंज जिले में सिमिलीपाल राष्ट्रीय उद्यान में करीब 16 घंटे तक फंसे रहे कम से कम 18 पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. एसडीपीओ करंजिया सुब्रत कुमार ने कहा कि ओडिशा और अन्य राज्यों के पर्यटक स्थानीय लोगों द्वारा एक मार्ग को बंद किए जाने की वजह से अभयारण्य के अंदर बरेहीपानी प्राकृतिक शिविर से बाहर नहीं निकल सके. जाशीपुर थाने के र्किमयों ने सोमवार रात दूसरे रास्ते से पर्यटकों को बाहर निकाला.
अपने क्षेत्रों के विकास की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे सिमिलीपाल विकास परिषद नामक स्थानीय संगठन ने आंदोलन चलाया है और उसने सिमिलीपाल राष्ट्रीय उद्यान के तीन द्वारों को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया है. अधिकारियों के अनुसार तीन ग्राम पंचायतों के लोग भी इस आंदोलन में शामिल हो गए हैं और उन्होंने जोरांदा छाक, साना उस्की, चाला और लांजीघोसरा छाक पर रास्तों को अवरुद्ध कर दिया है.
इस बीच राष्ट्रीय उद्यान के अधिकारियों ने पर्यटकों को परामर्श जारी कर उनसे अनुरोध किया है कि अगली सूचना तक बरेहीपानी, कुमरी और गुरगुरिया में सिमिलीपाल प्राकृतिक शिविरों की ओर नहीं जाएं. मानसून के मौसम में तीन महीने तक बंद रहने के बाद यह अभयारण्य गत 14 अक्टूबर को पर्यटकों के लिए खोला गया था.