
जयपुर/गुरुग्राम. पुलिस ने श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या की जांच के लिए बुधवार को विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की. इस हत्याकांड के विरोध में राज्य में कई जगह प्रदर्शन हुए. प्रदर्शनकारियों ने कई जगहों राजमार्ग ‘जाम’ कर दिया और ट्रेन भी रोकीं. हालांकि, कहीं से हिंसा की कोई खबर नहीं है.
पुलिस के अनुसार, हमलावरों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है. हमलावरों की सूचना देने वाले को पांच-पांच लाख रुपए के इनाम की घोषणा भी की गई है. राज्यपाल कलराज मिश्र ने इस हत्याकांड के बाद राज्य के हालात को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से फोन पर बात की. इससे पहले राज्यपाल मिश्र ने बुधवार को पुलिस प्रशासन के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए.
राजपूत समाज के लोगों ने जयपुर सहति कई शहरों में प्रदर्शन कयिा. गोगामेड़ी समर्थकों ने हत्या के विरोध में जयपुर ”बंद” की घोषणा की. इस वजह से सभी बाजार बंद रहे और सड़कों पर वाहनों की आवाजाही भी कम रही. राजधानी जयपुर में कई स्कूलों में एहतियातन छुट्टी घोषित कर दी गई.
राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) उमेश मिश्रा ने गोगामेड़ी हत्याकांड की सघन जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी-अपराध) दिनेश एमएन की निगरानी में एसआईटी गठित कर दी है. पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, डीजीपी ने बताया कि गोगामेड़ी हत्याकांड के दोनों अभियुक्तों की पहचान कर ली गई है और तलाशी के लिए अभियान भी चलाया है.
जयपुर के पुलिस आयुक्त बीजू जार्ज जोसेफ ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि गोगामेड़ी और नवीन सिंह शेखावत की राजपूत नेता के घर पर मंगलवार को गोली मारकर हत्या करने वाले दो हमलावरों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश की जा रही है. कहा जा रहा है कि नवीन सिंह शेखावत हमलावरों के साथ राजपूत नेता के घर गया था.
उन्होंने कहा, ”एक आरोपी हरियाणा का है और दूसरा राजस्थान का है.” गोगामेड़ी की मंगलवार को यहां श्यामनगर में उनके घर में गोली मारकर हत्या कर दी गई. जोसेफ ने कहा कि हालांकि, यह जांच का विषय है कि कपड़े की दुकान चलाने वाले नवीन शेखावत को दोनों हमलावरों के इरादों की जानकारी थी या नहीं. वहीं शेखावत के पिता गिरधारी सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि उनके बेटे को मामले में झूठा फंसाया जा रहा है और वह न्याय चाहते हैं.
उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि उनका बेटा हत्यारों के संपर्क में कैसे आया. उन्होंने कहा कि उनकी कपड़े की दुकान है और हाल ही में जमीनों की खरीद-फरोख्त का काम शुरू किया था. इस हत्याकांड के विरोध में राजपूत समाज ने बुधवार को जयपुर ”बंद” की घोषणा की. श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने गोगामेड़ी को सुरक्षा मुहैया कराने में नाकाम रहने का आरोप लगाते हुए पुलिस महानिदेशक को हटाने की मांग की.
उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”पंजाब पुलिस से सुखदेव गोगामेड़ी की हत्या के बारे में खुफिया जानकारी मिली थी, लेकिन राजस्थान पुलिस ने उन्हें सुरक्षा प्रदान नहीं की. यह साफ तौर पर पुलिस की विफलता है. पुलिस महानिदेशक को हटाया जाना चाहिए, लापरवाह पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए.” जयपुर में प्रदर्शनकारियों ने जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग के 200 फुट बाईपास मार्ग पर और जयपुर-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग के कई स्थानों पर जाम लगाया.
राजस्थान में बंद और जाम को देखते हुए राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) ने कई बसों का संचालन बंद रखा. रोडवेज के प्रवक्ता के अनुसार, आगरा रोड, जयपुर से केकड़ी, धौलपुर में बाड़ी से बसेड़ी, भादरा से राजगढ., किशनगढ., हिंडौली, उदयपुर, नोहर से भादरा, चित्तोडगढ., बाडमेर से जोधपुर, ब्यावर से जयपुर-जोधपुर, झुंझुनूं से उदयपुरवाटी, पाली से जोधपुर, कुचामन, नसीराबाद से कोटा रूट, राजाखेड़ा से आगरा, भरतपुर धौलपुर मार्ग पर बसों का संचालन बंद रखा गया.
उन्होंने बताया कि रोडवेज के प्रबंध निदेशक नथमल डिडेल लगातार कर बस के संचालन की समीक्षा कर रहे हैं. उन्होंने सभी मुख्य प्रबंधकों को यात्रियों और बसों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और कहीं जाम होने पर बसों का संचालन बंद करने निर्देश जारी किये हैं.
राज्यव्यापी ”बंद” के कारण प्रदर्शनकारियों ने उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर और जयपुर मंडल की पांच रेल गाड़ियों का संचालन भीलवाड़ा मंडाफिया, कनकपुरा-जयपुर रेल मार्ग पर रोका गया, जिसके कारण इन गाड़ियों के संचालन में 16 से 54 मिनट तक का विलंब हुआ. हालांकि, किसी तरह की हिंसा की सूचना नहीं है.
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े गैंगस्टर रोहित गोदारा ने सोशल मीडिया पोस्ट कर हत्या की जिम्मेदारी ली है. गोगामेड़ी के समर्थकों ने राजपूत नेता के परिवार के लिए 11 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की है. गोगामेड़ी हत्याकांड के मद्देनजर राज्यपाल मिश्र ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बात की. राजभवन के प्रवक्ता के अनुसार, राज्यपाल ने राज्य में कानून-व्यवस्था के बारे में भी शाह को विस्तार से जानकारी दी.
इससे पहले मिश्र ने यहां पुलिस प्रशासन के आला अधिकारियों की विशेष बैठक ली. उन्होंने अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए. प्रवक्ता ने बताया कि मिश्र ने बुधवार को राज्य की मुख्य सचिव, गृह सचिव, पुलिस महानिदेशक और जयपुर के पुलिस आयुक्त को राजभवन बुलाकर राज्य की कानून-व्यवस्था की विशेष समीक्षा की. मिश्र ने कहा कि राज्य में शूटर द्वारा दिनदहाड़े हत्या करना गंभीर मामला है. उन्होंने अपराधियों को पकड़ने के लिए पुख्ता कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए.
गोगामेड़ी की हत्या की जिम्मेदारी लेने वाले गैंगस्टर ने गुरुग्राम के व्यवसायी से मांगी थी रंगदारी: पुलिस
राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के प्रमुख सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या की जिम्मेदारी लेने वाले गैंगस्टर रोहित गोदारा ने हाल ही में एक पूर्व स्थानीय पार्षद और व्यवसायी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी. पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी. राकेश कुमार नामक व्यवसायी की शिकायत पर बिलासपुर पुलिस थाने में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े गैंगस्टर के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी. हालांकि मामले में कोई प्रगति नहीं हुई.
गोगामेड़ी की हत्या के बाद, एक पेट्रोल पंप के मालिक व्यवसायी कुमार के परिवार में दहशत का माहौल है. उनका दावा है कि गोदारा ने एक महीने में उन्हें तीन बार फोन पर धमकी दी. बिलासपुर खुर्द गांव के निवासी कुमार ने कहा कि उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की मांग की थी, लेकिन उन्हें केवल एक कांस्टेबल मुहैया कराया गया.
चौदह अक्टूबर को गोदारा ने सबसे पहले व्यवसायी को फोन किया और एक करोड़ रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी. हालांकि, कुमार ने एक प्राथमिकी दर्ज करायी और पैसे नहीं दिए. दूसरी कॉल 25 अक्टूबर को आयी जिसमें गैंगस्टर ने अपनी मांग दोहरायी. 10 नवंबर को, गोदारा ने कुमार को तीसरी कॉल की और कुमार से “अपनी अर्थी तैयार करने” के लिए कहा क्योंकि देरी के कारण वह अब पैसे नहीं चाहता था.
कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”मेरे लिए घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. उन्होंने धमकियां दी हैं और पुलिस उन्हें पकड़ने के लिए कोई प्रयास नहीं कर रही है.” पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने हालांकि कहा कि मामले की जांच की जा रही है. गोगामेड़ी की मंगलवार को जयपुर में उनके घर के कमरे में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
राजस्थान पुलिस ने बुधवार को उन दो आरोपियों को पकड़ने के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया, जिन्होंने कथित तौर पर गोदारा के दुश्मनों का “समर्थन” करने के लिए गोगामेड़ी की हत्या की थी. गैंगस्टर 2022 में देश से भागने से पहले बीकानेर के लूणकरनसर के कपूरियासर में रहता था. गोदारा 2019 में चूरू के सरदार शहर में भींवराज सारण की हत्या का मुख्य आरोपी है और उसने गैंगस्टर राजू ठेहट की हत्या की भी जिम्मेदारी ली थी.



