राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए निमंत्रण अभी नहीं मिला: उद्धव

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sat, 30 Dec 2023 09:59 PM
राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए निमंत्रण अभी नहीं मिला: उद्धव
ऑडियो सुनें

मुंबई/कोप्पल. शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शनिवार को कहा कि उन्हें अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले भगवान राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए अभी निमंत्रण नहीं मिला है. उन्होंने कहा कि राम लला हर किसी से जुड़े हैं, लिहाजा उन्हें किसी औपचारिक निमंत्रण की जरूरत नहीं है और वह जब मन होगा अयोध्या जा सकते हैं.

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ न्यास ने समारोह के लिए देशभर की विभिन्न नामचीन हस्तियों और राजनीतिक नेताओं को आमंत्रित किया है.
ठाकरे ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि शिवसेना ने राम जन्मभूमि आंदोलन के लिए लंबा संघर्ष किया था. उन्होंने यह भी कहा कि एक उपचुनाव में राम मंदिर और हिंदुत्व का प्रचार करने के लिए उनके पिता और शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे का मताधिकार “छीन” लिया गया था. ठाकरे ने कहा, “मुझे अभी निमंत्रण नहीं मिला है और और चूंकि राम लला सभी से जुड़े हैं, इसलिए मुझे अयोध्या जाने की जरूरत नहीं. जब मेरा मन होगा, मैं जाऊंगा. शिवसेना ने राम मंदिर आंदोलन में बहुत योगदान दिया था.”

अभी तक नहीं मिला राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का निमंत्रण : सिद्धरमैया

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने शनिवार को कहा कि उन्हें 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण अभी तक नहीं मिला है और निमंत्रण मिलने के बाद वह इस पर विचार करेंगे. श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास ने इस भव्य समारोह के लिए देश की कई प्रतिष्ठित हस्तियों और राजनीतिज्ञों को आमंत्रित किया है.

जब यह पूछा गया कि क्या उन्हें अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का निमंत्रण मिला है तो सिद्धरमैया ने संवाददाताओं से कहा, ”अभी तक तो उन्हें निमंत्रण नहीं मिला. अगर निमंत्रण मिलता है तो मैं इस पर विचार करूंगा.” कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा था कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे या नहीं, इसका फैसला पार्टी “उचित समय” पर करेगी.

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा था कि गांधी और खरगे को समारोह के लिए आमंत्रित किया गया है. उन्होंने कहा था, “कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को राम मंदिर के उद्घाटन के लिए आमंत्रित किया गया है. उचित समय पर फैसला किया जाएगा और उचित समय पर जानकारी दी जाएगी.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu