टी20 विश्व कप 2024 : भारत नौ जून को पाकिस्तान से भिड़ेगा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 05 Jan 2024 08:57 PM
टी20 विश्व कप 2024 : भारत नौ जून को पाकिस्तान से भिड़ेगा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारत और पाकिस्तान के बीच रोमांचक क्रिकेट प्रतिद्वंद्विता नौ जून को आईसीसी टी20 विश्व कप 2024 के ग्रुप ए मैच में देखने को मिलेगी जिसमें दोनों चिर प्रतिद्वंद्वी टीम न्यूयॉर्क में एक दूसरे के सामने होंगी. टूर्नामेंट का कार्यक्रम शुक्रवार को जारी हुआ जिसमें भारत को ग्रुप ए में पाकिस्तान, आयरलैंड, कनाडा और सह मेजबान अमेरिका के साथ रखा गया है. भारत अपने अभियान की शुरुआत पांच जून को न्यूयॉर्क में आयरलैंड के खिलाफ मैच से करेगा.

पाकिस्तान से खेलने के बाद भारत 12 जून को न्यूयॉर्क में सह मेजबान अमेरिका से भिड़ेगा और फिर कनाडा के खिलाफ 15 जून को अपना अंतिम ग्रुप मैच खेलने के लिए फ्लोरिडा रवाना होगा. वेस्टइंडीज और अमेरिका टूर्नामेंट की संयुक्त मेजबानी कर रहे हैं. इसमें 20 टीम खेलेंगी जिन्हें पांच पांच के चार ग्रुप में बांटा गया है. इससे यह अब तक का सबसे बड़ा टी20 विश्व कप बन गया है. आस्ट्रेलिया में 2022 में हुए पिछले चरण 16 टीम ने हिस्सा लिया था.

टूर्नामेंट की शुरुआत एक जून को अमेरिका और कनाडा के बीच मैच से होगी. सेमीफाइनल 26 जून को गुयाना और 27 जून को त्रिनिदाद में होंगे जबकि फाइनल मैच बारबाडोस में 29 जून को खेला जायेगा. इंग्लैंड मौजूदा चैम्पियन है जिसने नवंबर 2022 में मेलबर्न में पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था. ग्रुप चरण के मैच एक से 18 जून तक जबकि सुपर 8 मैच 19 से 24 जून तक खेले जायेंगे.

प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीम सुपर 8 में जगह बनायेंगी. फिर इन टीम को चार चार के दो ग्रुप में बांटा जायेगा. सुपर 8 के प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीम सेमीफाइनल में पहुंचेंगी. वेस्टइंडीज में छह और अमेरिका में तीन स्टेडियम में कुल 55 खेले जायेंगे.

ग्रुप ए: भारत, पाकिस्तान, आयरलैंड, कनाडा, अमेरिका.

ग्रुप बी: इंग्लैंड, आस्ट्रेलिया, नामीबिया, स्कॉटलैंड, ओमान.

ग्रुप सी: न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज, अफगानिस्तान, युगांडा, पापुआ न्यू गिनी.

ग्रुप डी: दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, बांग्लादेश, नीदरलैंड, नेपाल.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu