राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह से पहले दो भजन रिलीज़ करेंगे गीतकार शब्बीर अहमद

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 15 Jan 2024 08:30 PM
राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह से पहले दो भजन रिलीज़ करेंगे गीतकार शब्बीर अहमद
ऑडियो सुनें

लखनऊ. अयोध्या में राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह से पहले “बॉडीगार्ड” और “के.जी.एफ: चैप्टर 2” जैसी फिल्मों के गीत लिखने वाले गीतकार शब्बीर अहमद दो भक्ति गीत रिलीज़ करेंगे. उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह 22 जनवरी को आयोजित होने वाला है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित होंगे.

बॉलीवुड गीतकार और संगीतकार शब्­बीर अहमद इस सप्ताह यूट्यूब पर “रघुपति राघव राजा राम” और “घर मेरे आया है राम रमैया” शीर्षक से ‘भजन’ रिलीज करेंगे. वह पहले ही ‘मेरे घर का कोना, राम नाम से जगमग है’ जारी कर चुके हैं. मुंबई में रहने वाले गीतकार अहमद ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “इन भजनों के माध्यम से, मैं अपनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा हूं और अयोध्या में बहुप्रतीक्षित राम मंदिर के निर्माण पर खुशी व्यक्त कर रहा हूं. पिछले हफ्ते यूट्यूब पर मैंने जो भजन रिलीज़ किया था, वह हेमंत तिवारी के साथ संयुक्त रूप से लिखा गया था. यह केवल पांच दिनों में 35 लाख बार देखा जा चुका है. कुछ दिन पहले, भगवान राम पर ‘राम सिया राम’ नामक एक और मधुर भजन को 16.9 करोड़ बार देखा गया है और उसने रिकॉर्ड बनाया है.” अहमद ने कहा कि उन्हें खुशी है कि आखिरकार अयोध्या में मंदिर बनाया जा रहा है जो उनके गृहनगर जौनपुर के करीब है.

उन्होंने कहा, “बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत से ही, मैं भक्ति गीत लिखता और संगीतबद्ध करता रहा हूं और लोगों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है. भगवान राम मेरी प्रेरणा के स्रोत रहे हैं और मैंने जो भी सफलता हासिल की है, उसका श्रेय उन्हें जाता है. मुझे अयोध्या जाकर वहां अपने भजन प्रस्तुत करने में खुशी होगी.” खुद को “राम भक्त” बताते हुए अहमद ने कहा कि वह बचपन में जौनपुर में रामलीला कार्यक्रमों में प्रस्तुति देते थे.

साल 2021 में आई फिल्म “भवई” से “मोहे राम रंग दे” और “सियापति रामचंद्र” का हवाला देते हुए, गीतकार ने कहा कि एक मुस्लिम होने के नाते वह भगवान राम को ‘इमाम-ए-हिंद’ मानते हैं. अहमद ने सलमान खान की कई फिल्मों के लिए गाने लिखे हैं, जिनमें “बॉडीगार्ड”, “बजरंगी भाईजान” और “किसी का भाई किसी की जान” जैसी फिल्मों शामिल हैं. इस सप्ताह रिलीज़ होने वाले दो भजनों के बारे में अहमद ने कहा, “रघुपति राघव राजा राम” और “घर मेरे आया है राम रमैया” को अंतिम रूप दिया जा रहा है और प्रतिष्ठा समारोह से पहले उन्हें रिलीज किया जाएगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu