राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा: 22 जनवरी को ही मां बनना चाहती हैं कई गर्भवती महिलाएं

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 15 Jan 2024 09:37 PM
राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा: 22 जनवरी को ही मां बनना चाहती हैं कई गर्भवती महिलाएं
ऑडियो सुनें

इंदौर. अयोध्या में भगवान राम के नवनिर्मित मंदिर में 22 जनवरी को होने वाली प्राण-प्रतिष्ठा के मद्देनजर इंदौर में कई गर्भवती महिलाओं ने चिकित्सकों के सामने इस तारीख को प्रसूति कराए जाने की इच्छा जताई है. शासकीय पीसी सेठी अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र राजगीर ने सोमवार को ”पीटीआई-भाषा” को बताया,”हमारे अस्पताल में नियमित स्वास्थ्य जांच कराने वाली करीब 60 गर्भवती महिलाओं ने हमसे अनुरोध किया है कि उनकी प्रसूति 22 जनवरी को कराई जाए ताकि उनका मातृत्व राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के शुभ संयोग से जुड़ सके. इस विशेष अवसर को लेकर ये महिलाएं और उनके परिवार के लोग खासे उत्साहित हैं.” उन्होंने बताया कि ये वे महिलाएं हैं जिनकी गर्भावस्था की अवधि 22 जनवरी के आस-पास पूरी होने वाली है.

राजगीर ने कहा कि अस्पताल के चिकित्सकों के लिए जच्चा-बच्चा का स्वास्थ्य सर्वोपरि है और इसे ध्यान में रखकर ही इन गर्भवती महिलाओं की प्रसूति का फैसला किया जाएगा. जल्द ही मां बनने जा रही बबली (30) ने कहा,”चिकित्सकों ने मुझे प्रसूति के लिए 19 जनवरी से 10 फरवरी के बीच की संभावित तारीख दी है, लेकिन मैं चाहती हूं कि मैं अपने बच्चे को 22 जनवरी को जन्म दूं क्योंकि इस तारीख को अयोध्या के राम मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा होने वाली है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu