अब भारत को दुनिया में मजबूत और शक्तिशाली देश माना जाता है: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 16 Jan 2024 08:58 PM
अब भारत को दुनिया में मजबूत और शक्तिशाली देश माना जाता है: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
ऑडियो सुनें

लखनऊ. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कहा कि पिछले नौ वर्षों में यह धारणा बदल गई है कि भारत एक कमजोर देश है और अब इसे मजबूत तथा शक्तिशाली देश माना जाता है. अपने निर्वाचन क्षेत्र में ”विकसित भारत संकल्प यात्रा” को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि देश के बाहर यह धारणा कि भारत कमजोर है, अब बदल चुकी है.

उन्होंने कहा, ”अब कोई भी भारत को कमजोर नहीं मानता. अब हमें मजबूत और शक्तिशाली देश के रूप में देखा जाता है. इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जाता है.” उन्होंने कहा, ”जब देश और देशवासी मजबूत होंगे तो दुनिया की कोई भी ताकत हमें आंख दिखाने की हिम्मत नहीं कर सकती.” उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में यह पहली बार है जब कोई सरकार लोगों के घर-घर पहुंचकर उन्हें कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित कर रही है.

उन्होंने कहा, ”अगर किसी पात्र को योजनाओं का लाभ नहीं मिलता तो हमारे प्रधानमंत्री चिंतित हो जाते हैं. वह हमसे यह सुनिश्चित करने के लिए कहते हैं कि हमारे निर्वाचन क्षेत्रों में लाभार्थियों तक योजनाएं पहुंचनी चाहिए.” उन्होंने कहा कि जब मोदी प्रधानमंत्री बने तो भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया में 10वें स्थान पर थी और अब पांचवें स्थान पर है. राजधानी के सांसद ने कहा, ”अर्थशा्त्रिरयों का मानना है कि यह मोदी का करिश्मा है और अगर सब कुछ इसी तरह चलता रहा तो भारतीय अर्थव्यवस्था वर्ष 2027 तक दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में से एक होगी और 2047 तक सबसे ऊपर होगी.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu