केजरीवाल को ‘सर्दी में पसीना आ रहा है’; गिरफ्तारी की आशंका से कांप रहे हैं : भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 18 Jan 2024 08:33 PM
केजरीवाल को ‘सर्दी में पसीना आ रहा है’; गिरफ्तारी की आशंका से कांप रहे हैं : भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समन की बार-बार तामील नहीं करने के लिए बृहस्पतिवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की आलोचना की और कहा कि उन्हें गिरफ्तारी का डर है क्योंकि वह जानते हैं कि वह कथित आबकारी घोटाले के ‘सरगना’ हैं.

केजरीवाल ने कथित दिल्ली आबकारी नीति घोटाले के संबंध में जांच एजेंसी द्वारा जारी चौथे समन को दरकिनार करते हुए पूछा कि यदि वह मामले में आरोपी नहीं हैं तो उन्हें समन क्यों जारी किए गए. भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि केजरीवाल ईडी के समक्ष पेश नहीं हुए क्योंकि उन्हें ‘सर्दी में पसीना’ आ रहा है और गिरफ्तारी की आशंका से ‘कांप’ रहे हैं क्योंकि वह जानते हैं कि वह आबकारी पुलिस घोटाले के सरगना हैं.

भाटिया ने केजरीवाल को भेजे गए ईडी के समन को न्यायोचित बताया और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक से पूछा कि वह पत्र लिखने और उसके समन से भागने के बजाय जांच एजेंसी की कार्रवाई को चुनौती देने के लिए अदालत का रुख क्यों नहीं करते.
उन्होंने कहा, ”आपको र्सिदयों में पसीना आ रहा है और डर से कांप रहे हैं. सलाखों में बंद दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह , केजरीवाल से पूछ रहे हैं कि वह कब उनके साथ (जेल में) होंगे.” भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि अब यह ‘निश्चित’ प्रतीत होता है कि शराब घोटाले के ‘सरगना’ को सलाखों के पीछे जाना पड़ेगा.

उन्होंने कहा, ”अब यह साफ हो गया है कि अरविंद केजरीवाल जानते हैं कि उन्होंने हजारों करोड़ रुपये का यह घोटाला किया है. अरविंद केजरीवाल को पता चल गया है कि उनका भविष्य अंधकार में है.” उन्होंने कहा, ”सुनिए अरविंद केजरीवाल! , आप कानून से ऊपर नहीं हैं. जिन लोगों पर आरोप लगे हैं या जिन्हें समन जारी किया गया है, वे कुछ समय के लिए कानून से दूर रहे सकते हैं लेकिन इससे बच नहीं सकते. आप बचने वाले नहीं हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu