जडेजा और राहुल के बाहर होने से भारत को झटका, सरफराज का लंबा इंतजार खत्म

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 29 Jan 2024 07:12 PM
जडेजा और राहुल के बाहर होने से भारत को झटका, सरफराज का लंबा इंतजार खत्म
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. भारतीय ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा और बल्लेबाज लोकेश राहुल विशाखापत्तनम में दो फरवरी से इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले दूसरे टेस्ट में नहीं खेल पाएंगे जिससे मेजबान टीम को यहां श्रृंखला के पहले टेस्ट में हार के बाद दोहरा झटका लगा है. जडेजा को रविवार को पहले टेस्ट के दौरान तेजी से रन लेते हुए पैर की मांसपेशियों में चोट लगी थी जबकि राहुल ने दाईं जांघ में दर्द की शिकायत की है.

राहुल को पिछले साल मई में आईपीएल के दौरान भी दाईं जांघ में चोट लगी थी और उन्हें सर्जरी करानी पड़ी थी जिसके कारण वह चार महीने तक क्रिकेट से दूर रहे थे. भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ”रविंद्र जडेजा और लोकेश राहुल इंग्लैंड के खिलाफ विशाखापत्तनम में दो फरवरी 2024 से होने वाले दूसरे टेस्ट में नहीं खेल पाएंगे.” विज्ञप्ति के अनुसार, ”बीसीसीआई की मेडिकल टीम दोनों खिलाड़ियों की प्रगति पर नजर रख रही है.” चयन समिति ने मुंबई के बल्लेबाज सरफराज खान, बाएं हाथ के स्पिनर सौरभ कुमार और ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर को दूसरे टेस्ट के लिए भारतीय टीम में शामिल किया है.

घरेलू क्रिकेट में ढेरों रन बनाने वाले सरफराज को पहली बार राष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया है. उन्होंने हाल में इंग्लैंड लॉयन्स के खिलाफ भी शानदार प्रदर्शन किया. विराट कोहली निजी कारणों से शुरुआती दो टेस्ट के लिए अनुपलब्ध हैं जबकि जडेजा और राहुल की चोट ने भारत की मुसबीत बढ.ा दी है जो 2013 से घरेलू सरजमीं पर अपना चौथा टेस्ट गंवाने के बाद दबाव में है.

पहले टेस्ट में राहुल और जडेजा दोनों ने प्रभावी प्रदर्शन किया था लेकिन बाद में इंग्लैंड ने वापसी करते हुए 28 रन की जीत के साथ पांच मैच की श्रृंखला में 1-0 की बढ.त बनाई. जडेजा ने पांच विकेट चटकाने के अलावा पहली पारी में 87 रन बनाए जबकि राहुल ने 86 रन की पारी खेली.

जडेजा की ऑलराउंड क्षमता टीम के लिए काफी अहम है. अपने चार टेस्ट के करियर के दौरान प्रभावित करने वाले ऑफ स्पिनर वाशिंगटन अंतिम एकादश में जडेजा की जगह ले सकते हैं. पिछले साल सितंबर में एशिया कप में में चोट के बाद वापसी करते हुए राहुल ने एकदिवसीय और टेस्ट प्रारूप में शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय विश्व कप और हाल में दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट श्रृंखला में विकेटकीपर की भूमिका भी निभाई जिससे उन पर काम का बोझ बढ.ा.

सरफराज टीम में जगह पाने के हकदार हैं लेकिन विशाखापत्तम में रजत पाटीदार के पदार्पण करने की संभावना अधिक है जो पहले ही भारत की 15 सदस्यीय टीम का हिस्सा हैं. अहमदाबाद में इंग्लैंड लॉयन्स के खिलाफ गुरुवार से होने वाले तीसरे और अंतिम बहुदिवसीय मुकाबले के लिए वाशिंगटन सुंदर के विकल्प के तौर पर सारांश जैन को भारत ‘ए’ टीम में शामिल किया गया है. विज्ञप्ति में कहा गया, ”आवेश खान मध्य प्रदेश की अपनी रणजी टीम के साथ रहेंगे और जरूरत पड़ने पर टेस्ट टीम से जुड़ेंगे.”

इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए भारतीय टीम:

रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर, केएस भरत, ध्रुव जुरेल, रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, मुकेश कुमार, जसप्रीत बुमराह, आवेश खान, रजत पाटीदार, सरफराज खान, वाशिंगटन सुंदर और सौरभ कुमार.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu