अमेरिका: बाइडन ने साउथ कैरोलाइना का प्राइमरी चुनाव जीता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 04 Feb 2024 08:24 PM
अमेरिका: बाइडन ने साउथ कैरोलाइना का प्राइमरी चुनाव जीता
ऑडियो सुनें

कोलंबिया. अमेरिका में राष्ट्रपति पद के लिए इस साल होने वाले चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी का उम्मीदवार चुनने की प्रक्रिया के तहत कराए गए साउथ कैरोलाइना प्राइमरी चुनाव में जो बाइडन ने आसानी से जीत हासिल कर ली. इसी के साथ उन्होंने पांच नवंबर को होने वाले चुनाव में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार बनने की राह में शनिवार को पहली आधिकारिक जीत अपने नाम की. बाइडन अपनी पार्टी का उम्मीदवार बनने के सबसे प्रबल दावेदार हैं.

यह सत्तारूढ़ डेमोक्रेटिक पार्टी का पहला आधिकारिक प्राइमरी चुनाव है. पिछले राष्ट्रपति चुनाव में भी साउथ कैरोलाइना प्राइमरी चुनाव ने बाइडन को पार्टी उम्मीदवार बनाने में अहम भूमिका निभाई थी. बाइडन (81) ने राष्ट्रपति पद के चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी का उम्मीदवार बनने के अन्य दावेदारों-मिनेसोटा से सांसद डीन फिलिप्स और लेखिका मैरिएन विलियम्सन को शनिवार को हुए प्राइमरी चुनाव में हरा दिया.

बाइडन को इस प्राइमरी चुनाव में 96.2 प्रतिशत वोट मिले जबकि विलियम्सन को मात्र 2.1 प्रतिशत वोट मिले. फिलिप्स तीसरे स्थान पर रहे. राज्य में रिपब्लिकन पार्टी का प्राइमरी चुनाव 24 फरवरी को होना है. पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (77) अपनी पार्टी का उम्मीदवार बनने के सबसे प्रबल दावेदार हैं. बाइडन ने प्राइमरी चुनाव में जीत हासिल करने के बाद कहा कि वह रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी ट्रंप को नवंबर में होने वाले चुनाव में फिर से हराएंगे.

उन्होंने कहा, ”साउथ कैरोलाइना के मतदाताओं ने 2020 में राजनीतिक विश्लेषकों को गलत साबित किया था, उन्होंने हमारे प्रचार अभियान में नई जान फूंकी थी और हमें राष्ट्रपति पद जीतने की राह पर आगे बढ़ाया था. ” उन्होंने कहा, ”अब 2024 में भी साउथ कैरोलाइना के लोगों ने अपनी पसंद बता दी है. मुझे इस बात पर कोई संदेह नहीं है कि आपने हमें राष्ट्रपति पद का चुनाव फिर से जीतने और (पूर्व राष्ट्रपति) डोनाल्ड ट्रंप को फिर से हराने की राह पर अग्रसर किया है.” अमेरिका में इस साल नवंबर में राष्ट्रपति पद के चुनाव होने हैं और इससे पहले डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन पार्टी अपने-अपने उम्मीदवार चुनने की प्रक्रिया से गुजर रही हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu