रायगढ़: तालाब में डूबने से हाथी के एक बच्चे की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 18 Mar 2025 07:17 PM
रायगढ़: तालाब में डूबने से हाथी के एक बच्चे की मौत
ऑडियो सुनें

रायगढ़. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में तालाब में डूबने से हाथी के एक बच्चे की मौत हो गई. अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि जिले के धमरजयगढ़ वनमंडल के छाल रेंज में तालाब में डूबने से हाथी के एक बच्चे की मौत हो गई.
धरमजयगढ़ क्षेत्र के वन मंडल अधिकारी अभिषेक जोगावत ने बताया कि छाल रेंज में बीती रात विचरण कर रहे हाथी के इस बच्चे समेत 32 हाथियों का दल रात लगभग नौ बजे तालाब में नहाने आया था.

जोगावत ने बताया कि नहाने के दौरान संभवत: दुर्घटनावश तालाब में डूबने से हाथी के इस बच्चे की मौत हो गई. हाथी का यह बच्चा एक साल का था. जोगावत ने बताया कि हादसा छाल वन परिक्षेत्र के जामपाली गांव में रामकुमार राठिया के निजी तालाब में हुआ जिसकी गहराई करीब 15 फीट है तथा इसमें साल भर पानी रहता है. उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने आज सुबह सात बजे जब हाथी के बच्चे के शव को तालाब में देखा तब इसकी सूचना वन अधिकारियों को दी.

अधिकारी ने बताया कि वन विभाग को जानकारी मिली तब विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव बरामद किया. उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में हाथी के बच्चे की मृत्यु पानी में डूबने से हुई है. विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है. रायगढ़ जिले में इस वर्ष अलग-अलग हादसे में तीन हाथियों की मौत हुई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu