अमेठी में झूठी शान के नाम पर युवती की हत्या की, कब्र से शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 07 Aug 2023 07:47 PM
अमेठी में झूठी शान के नाम पर युवती की हत्या की, कब्र से शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
ऑडियो सुनें

अमेठी. अमेठी जिले में पीपरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर परिजनों द्वारा झूठी शान के नाम पर कथित तौर पर 20 वर्षीया युवती की हत्या (ऑनर किलिंग) किये जाने का मामला सामने आया है. पुलिस ने सोमवार को बताया कि हत्या के बाद युवती की बीमारी से मौत का हवाला देकर शव को कब्र में दफना दिया था.

पीपरपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) संदीप राय ने बताया कि यह ‘आनर किलिंग’ का मामला है. उन्होंने कहा कि शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने घटना के संदर्भ में बताया कि अमेठी जिले में पीपरपुर थाना के टिकावर गांव में नियामत उल्ला की पुत्री आफरीन (20) धम्मौर बाजार में स्थित श्री हनुमत इंटर कॉलेज में 12 वीं कक्षा की छात्रा थी और उसे धम्मौर थाना क्षेत्र के एक दूसरे समुदाय के युवक से प्रेम हो गया था.

पुलिस के अनुसार चार अगस्त को आफरीन अपने के साथ बाजार घूम रही थी जिसकी सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे नियामत उल्ला और उसके बेटे हैदर अली ने उसे (आफरीन को) जमकर मारा पीटा. बीच बाजार में इस तरह की गई मारपीट का स्थानीय लोगों ने वीडियो बना लिया और पुलिस को भी सूचना दे दी.

धम्मौर कोतवाली पुलिस मौके से आफरीन और उसके परिजनों को लेकर कोतवाली पहुंची और आफरीन की मां को बुलाकर किसी तरह से समझा-बुझाकर उसको वापस घर भेज दिया. सूत्रों के अनुसार घर पहुंचने के बाद परिजनों ने मिलकर आफरीन को इस कदर पीटा कि उसकी मृत्यु हो गई, जिसके बाद पांच अगस्त 2023 की सुबह उसे दफना दिया गया और लोगों को यह बताया गया कि उसकी तबीयत खराब थी जिसके चलते उसकी मौत हो गई.

पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर सार्वजनिक होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया तो छानबीन शुरू की. इसके बाद स्थानीय चौकीदार की तहरीर पर मृत युवती के पिता नियामत उल्ला और भाई हैदर अली के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 304 (गैर इरादतन हत्या) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया.

अमेठी के उप जिलाधिकारी (न्यायिक) मोहम्मद असलम ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. उन्होंने कहा कि लड़की की मौत के बाद उसे दफना दिया गया था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu