हाई सिक्योरिटी नम्बर प्लेट के संबंध में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारियों एवं अनुबंधित कंपनियों की ली गई हाई लेवल बैठक

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 04 May 2025 07:08 PM
हाई सिक्योरिटी नम्बर प्लेट के संबंध में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारियों एवं अनुबंधित कंपनियों की ली गई हाई लेवल बैठक
ऑडियो सुनें

रायपुर. नवा रायपुर स्थित इंद्रावती भवन के सेमिनार कक्ष में विगत दिवस परिवहन सचिव सह परिवहन आयुक्त एस. प्रकाश तथा अपर परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर की अध्यक्षता में राज्य के समस्त जिला स्तरीय परिवहन अधिकारी सहित हाई सिक्योरिटी नम्बर प्लेट के लिए अनुबंधित कंपनियों के साथ हाई लेवल बैठक ली गई. बैठक में जनता को आ रही समस्याओं के बारे में विस्तारपूर्वक चर्चा कर इनके निराकरण हेतु आवश्यक दिशानिर्देश दिए .

बैठक में जानकारी दी गयी कि राज्य में 01 अप्रैल 2019 से पहले के लगभग 50 लाख से अधिक पंजीकृत वाहन हैं एवं लगभग 03 लाख के करीब हाई सिक्योरिटी नम्बर प्लेट के ऑर्डर प्राप्त हो चुके है. फिटमेंट की गति बढ़ाने के लिये प्रत्येक जिला स्तर पर वाहनों की संख्या के आधार पर अनुबंधित कंपनियों के फिटमेंट सेंटरों की संख्या में वृद्धि करने तथा हर जिले में जिला स्तरीय परिवहन अधिकारी को कंपनियों के साथ कैम्प टीम बनाने के निर्देश दिये गए.

इसके तहत रायपुर में 05 टीम, धमतरी में 04 टीम, महासमुंद में 04 टीम,दुर्ग- 08 टीम ,कवर्धा- 02 टीम,बिलासपुर-06 टीम,जांजगीर चम्पा-03 टीम,कोरबा-05 टीम, रायगढ़-06 टीम,जशपुर- 03 टीम,अम्बिकापुर -04 टीम,कोरिया-03 टीम,जगदलपुर-03 टीम, दंतेवाड़ा-02 टीम,कांकेर-03 टीम,बलौदाबाजार-03 टीम तथा गरियाबंद, बालोद व बेमेतरा में 02-02 टीम एवं अन्य जिलों में 01-01 कैम्प/मोबाईल टीम बनाने के निर्देश दिये गए है. ये टीमें जिले के विभिन्न स्थानों पर कैम्प लगा कर हाई सिक्योरिटी नम्बर प्लेट के नियमानुसार ऑर्डर लेंगे तथा आवश्यकतानुसार नम्बर अपडेट किये जायेंगे. बैठक में निर्देशित किया गया कि दूरस्थ जिलो में दूसरे दिन तक तथा अन्य जिलों में उसी दिन अनिवार्य रूप से हाई सिक्योरिटी नम्बर प्लेट फिट किये जाएं.

बैठक में अनुबंधित कंपनियों को सभी जिलो में वाहनों की संख्या के अनुसार हाई सिक्योरिटी नम्बर प्लेट बनाने वाली मशीनों की संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दिये गए हैं ताकि जल्द से जल्द हाई सिक्योरिटी नम्बर प्लेट बनें व नियत समय में संबंधित स्थान पर प्लेट पहुंचने के साथ फिटमेंट किया जा सकें. इसके अलावा यह भी निर्देशित किया गया कि हाई सिक्योरिटी नम्बर प्लेट के लिए ऑर्डर करने पर 15 दिनों से अधिक की वेटिंग न हो, प्रत्येक जिलों के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की जाए और मोबाईल नम्बर सार्वजनिक किये जाएं.कार्यों में तीव्रता व समन्वय लाते हुए 03 महीने की समयावधि में हाई सिक्योरिटी नम्बर प्लेट फिटमेंट का लक्ष्य रखा गया है.

बैठक में परिवहन विभाग की ओर से यू. बी.एस.चौहान संयुक्त परिवहन आयुक्त, मनोज ध्रुव उप परिवहन आयुक्त, कृष्ण कुमार पटेल उप परिवहन आयुक्त , जी.आर.देवांगन संयुक्त संचालक वित्त, सुयोगेश्वरी वर्मा सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी तथा राज्य के सभी वरिष्ठ क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, जिला परिवहन अधिकारी व हाई सिक्योरिटी नम्बर प्लेट हेतु अनुबंधित कंपनियों की ओर से बिश्वजीत मुखर्जी रियल मेज़ॉन एवं अशोक शर्मा रॉस मार्टा तथा अन्य अधिकारी शामिल हुए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu