‘‘हाई प्रोफाइल’’ व्यक्ति ने त्वचा की रंगत पर अपमानजनक टिप्पणी की थी : केरल की मुख्य सचिव

तिरुवनंतपुरम: केरल की निवर्तमान मुख्य सचिव शारदा मुरलीधरन ने मंगलवार को कहा कि हाल में एक ‘‘हाई प्रोफाइल’’ व्यक्ति ने उनकी त्वचा की रंगत को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की थी, लेकिन वह उस व्यक्ति के नाम का खुलासा नहीं करना चाहती।

मुरलीधरन 30 अप्रैल को अपनी दशकों लंबी नौकरशाही सेवा से सेवानिवृत्त हो रही हैं। उन्होंने कहा कि उस व्यक्ति ने न तो माफी मांगी और न ही इन टिप्पणियों के लिए खेद व्यक्त किया। महिला नौकरशाह पिछले महीने एक ‘फेसबुक’ पोस्ट को लेकर चर्चा में थीं, जिसमें उन्होंने रंग और लैंगिकता के आधार पर अपने साथ हुए भेदभाव तथा समाज में इसकी मौजूदगी के बारे में बात की थी। अधिकारी के इस पोस्ट से सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई तथा कई लोगों ने उनका समर्थन किया।

एक व्यक्ति ने मुख्य सचिव के रंग रूप को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी और उनके काम की तुलना उनके पति एवं पूर्व मुख्य सचिव वी. वेणु से की थी। मुरलीधरन की इस टिप्पणी ने सामाजिक बहस को हवा दे दी थी।
अपनी सेवानिवृत्ति से पहले एक टीवी चैनल से बात करते हुए मुरलीधरन ने कहा कि उन्होंने लोगों के मन में त्वचा के रंग को लेकर जो भेदभाव और पूर्वाग्रह है, उसे उजागर करने के लिए ‘फेसबुक’ पोस्ट डाली थी।

उन्होंने एक साक्षात्कार में चैनल को बताया कि यह सांवले रंग के प्रति लोगों के नजरिए का मुद्दा है। जब उनसे पूछा गया कि क्या यह टिप्पणी किसी ‘‘हाई प्रोफाइल’’ व्यक्ति ने की थी, तो उन्होंने इसे स्वीकार किया। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि वह व्यक्ति कोई नेता था या कोई हाई प्रोफाइल अधिकारी।

मुरलीधरन ने यह भी कहा कि ‘‘हाई प्रोफाइल’’ व्यक्ति ने उनसे संपर्क नहीं किया है या अपनी टिप्पणी पर अब तक कोई खेद व्यक्त नहीं किया है। उन्होंने कहा, ‘‘हम दोनों ने उस (विवाद) के बाद भी बहुत दोस्ताना तरीके से बातचीत की, लेकिन उस व्यक्ति ने इस मुद्दे पर बात नहीं की।’’

मुख्य सचिव ने यह भी कहा कि जब उन्होंने त्वचा के रंग को लेकर भेदभाव के बारे में बात की तो विभिन्न क्षेत्रों से कई लोगों ने उन्हें फोन करके उनके साथ एकजुटता जताई और उन्हें बताया कि उन्हें भी अपने जीवन में इसी तरह का अपमान सहना पड़ा है। ए. जयतिलक केरल के नए मुख्य सचिव होंगे क्योंकि मुरलीधरन 30 अप्रैल को सेवानिवृत्त हो रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button