गोपालगंज में निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा ढहा, अभियंताओं पर कार्रवाई के निर्देश

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 02 Mar 2026 02:45 PM
गोपालगंज में निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा ढहा, अभियंताओं पर कार्रवाई के निर्देश
ऑडियो सुनें

गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज जिले में निर्माणाधीन एक छोटे पुल का हिस्सा ढह गया जिसके बाद जिलाधिकारी ने संबंधित अभियंताओं के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि 28 फरवरी शाम सिद्धवलिया प्रखंड में हुई इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है जहां राज्य सरकार के ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा घोघरी नदी पर पुल का निर्माण कराया जा रहा था।

गोपालगंज के जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने सोमवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीण कार्य विभाग के संबंधित सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता के विरुद्ध सेवा समाप्ति सहित कड़ी विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए। एक अधिकारी ने बताया कि पुल का निर्माण 2.87 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा था।

जिलाधिकारी ने पुल निर्माण करा रहे ठेकेदार को काली सूची में डालने का भी आदेश दिया है। सिन्हा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”प्रारंभिक जांच में संबंधित सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता की ओर से पर्यवेक्षण में गंभीर लापरवाही सामने आई है। यह भी पाया गया है कि संबंधित ठेकेदार ने पुल निर्माण में गुणवत्ता प्रबंधन से जुड़े प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया। मैंने दोनों अभियंताओं के विरुद्ध निलंबन और सेवा समाप्ति सहित सख्त विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए हैं।”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav