नयी दिल्ली. राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों की रविवार को यहां हुई बैठक में सशस्त्र बलों के पराक्रम और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साहसी नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया गया. सूत्रों ने बताया कि राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा पेश तथा शिवसेना नेता एवं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे द्वारा सर्मिथत प्रस्ताव में कहा गया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से भारतीयों का आत्मविश्वास बढ़ा है.
प्रस्ताव में मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा गया कि उन्होंने सशस्त्र बलों का हमेशा समर्थन किया है और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने आतंकवादियों एवं उनके प्रायोजकों को करारा जवाब दिया है. प्रधानमंत्री मोदी के अलावा केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह और जे पी नड्डा एक दिवसीय सम्मेलन में शामिल हुए. इस बैठक में लगभग 19 मुख्यमंत्री और कई उपमुख्यमंत्री मौजूद थे.
इस कार्यक्रम का आयोजन करने वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’, जाति आधारित गणना, मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ और सुशासन के मुद्दे बैठक के एजेंडे में रहे. इस सम्मेलन में विचार-विमर्श का एक महत्वपूर्ण हिस्सा विभिन्न राजग शासित राज्य सरकारों द्वारा अपनाए गए सर्वोत्तम चलन पर केंद्रित रहा. कई मुख्यमंत्रियों ने अपने राज्यों की प्रमुख योजनाओं पर प्रस्तुतियां दीं. बैठक में 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि भी दी गई.