इंदौर में ‘अखंड ज्योति’ वाले दीपक से घर में आग लगी, वाहन शोरूम के मालिक की मौत

इंदौर: इंदौर में तीन मंजिलों वाली वाणिज्यिक-सह-आवासीय इमारत के पेंटहाउस (भवन की शीर्ष मंजिल पर बना घर) में बृहस्पतिवार सुबह आग लगने से एक प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी के शोरूम के मालिक की मौत हो गई। पुलिस की एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस निरीक्षक नीतू ंिसह ने संवाददाताओं को बताया कि लसूड़िया थाना क्षेत्र के तीन मंजिला भवन में बृहस्पतिवार सुबह पांच बजे के आस-पास आग लगी।

उन्होंने बताया कि इस भवन के निचले तलों पर चारपहिया वाहन निर्माता कंपनी का शोरूम है, जबकि तीसरी मंजिल पर बने पेंटहाउस में शोरूम के मालिक प्रवेश अग्रवाल का परिवार रहता है।ंिसह ने बताया, ‘‘शुरूआती तौर पर पता चला है कि अग्रवाल के घर में बने देवस्थान में अखंड ज्योति वाला दीपक जल रहा था। इस दीपक के कारण उनके घर में आग लगी। धीरे-धीरे पूरे घर में धुआं भर गया और इसमें रहने वाले लोगों का दम घुटने लगा।’’ पुलिस निरीक्षक ने बताया कि अग्निकांड के वक्त अग्रवाल, उनकी पत्नी और दो नाबालिग बेटियां घर में सो रही थीं।

उन्होंने बताया, ‘‘इस घटना में शोरूम मालिक प्रवेश अग्रवाल की मौत हो गई है। पहली नजर में लगता है कि उनकी मौत दम घुटने से हुई है। उनके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।” ंिसह ने बताया, “अग्रवाल की बड़ी बेटी एक निजी अस्पताल में भर्ती है और चिकित्सक उसकी हालत पर निगाह रख रहे हैं। उनके परिवार के बाकी दो सदस्य सुरक्षित हैं।’’ पुलिस निरीक्षक ने बताया कि अग्निकांड की विस्तृत जांच की जा रही है।

अग्निशमन विभाग के सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) सुशील कुमार दुबे ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘अग्निकांड की सूचना मिलते ही हम मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। घर में काफी धुआं भरने से प्रवेश अग्रवाल का दम घुट चुका था। हम जब उनके पास पहुंचे, तो वह हमें बेसुध हालत में मिले। हमें पता चला है कि बेसुध होने से पहले उन्होंने अपनी दोनों बेटियों को घर से बाहर निकालने की भरसक कोशिश की।’’

दुबे के मुताबिक, अग्रवाल के पेंटहाउस में धुआं बाहर निकलने का पर्याप्त स्थान नहीं था। उन्होंने बताया कि अग्निकांड में वाणिज्यिक-सह-आवासीय इमारत की निचली मंजिल पर रखी गाड़ियों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। अग्रवाल, कांग्रेस से जुड़े थे। उनके निधन पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ और पार्टी के अन्य नेताओं ने शोक जताया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button