
फरीदाबाद. बॉलीवुड फिल्म ‘दंगल’ में पहलवान बबीता फोगाट के बचपन का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री सुहानी भटनागर की मौत के बाद अभिनेता आमिर खान ने बृहस्पतिवार को यहां उनके परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदना प्रकट की. सुहानी भटनागर की 19 साल की उम्र में 16 फरवरी को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्वज्ञिान संस्थान (एम्स) में ‘डर्मेटोमायोसाइटिस’ बीमारी के चलते मौत हो गई थी.
सुहानी के करीबी रिश्तेदार नवनीत भटनागर ने शुक्रवार को बताया कि आमिर खान बृहस्पतिवार शाम छह बजे फरीदाबाद स्थित सुहानी के घर पहुंचे. ‘दंगल’ फिल्म में आमिर खान ने अभिनेत्री के पिता का किरदार निभाया था. भटनागर ने बताया कि खान करीब 20 मिनट तक सुहानी के घर रूके और उनके परिवार के सदस्यों से बातचीत की तथा दुख की इस घड़ी में उन्हें ढांढस बंधाया. सोशल मीडिया पर सामने आई एक तस्वीर में खान सुहानी के माता-पिता के साथ उसकी एक तस्वीर को पकड़े नजर आ रहे हैं.



