आप सत्ता के लिए नहीं, भगत सिंह-आंबेडकर के सपनों को पूरा करने के लिए राजनीति में आई: केजरीवाल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 23 Mar 2025 08:13 PM
आप सत्ता के लिए नहीं, भगत सिंह-आंबेडकर के सपनों को पूरा करने के लिए राजनीति में आई: केजरीवाल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी सत्ता के लिए नहीं बल्कि स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह और समाज सुधारक भीमराव आंबेडकर के सपनों को पूरा करने के लिए राजनीति में आई है.

‘आप’ के ‘एक शाम शहीदों के नाम’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर राष्ट्रीय राजधानी की सत्ता में आने के बाद दोनों महापुरुषों की विरासत का अनादर करने का आरोप लगाया. शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धांजलि देने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था.

केजरीवाल ने कहा, ”हमारे आदर्श बाबासाहेब आंबेडकर और भगत सिंह हैं. भगत सिंह कहते थे कि सिर्फ अंग्रेजों को हटाना ही काफी नहीं है, समाज का ढांचा बदलना होगा. नहीं तो गोरे अंग्रेज तो चले जाएंगे लेकिन काले अंग्रेज आ जाएंगे.” केजरीवाल ने कहा, ”बिलकुल यही हुआ है. आज के शासक अंग्रेजों से भी बदतर हैं.” उन्होंने कहा कि दिल्ली में सत्ता संभालने के 48 घंटे के भीतर ही भाजपा ने सरकारी दफ्तरों से भगत सिंह और आंबेडकर की तस्वीरें हटा दीं.

केजरीवाल ने कहा, ”मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि क्या देश के लिए भगत सिंह से ज्यादा किसी ने बलिदान दिया है.” केजरीवाल ने दिल्ली में महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा योजना को कथित तौर पर प्रतिबंधित करने के लिए भाजपा सरकार की आलोचना की. पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि बस परिचालक अब महिलाओं को गुलाबी टिकट देने से मना कर रहे हैं, जब तक कि वे ‘ऐप’ डाउनलोड न करें.

भाजपा पर अपने चुनावी वादों को पूरा करने में नाकाम रहने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, ”वे ऐसा क्यों कर रहे हैं? सुविधाओं में सुधार करने के बजाय वे मौजूदा सुविधाओं को छीन रहे हैं. अब तक उन्हें महिलाओं को 2,500 रुपये देना शुरू कर देना चाहिए था, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया.” पार्टी के वरिष्ठ नेता गोपाल राय ने कहा कि ‘आप’ संघर्ष से पैदा हुई है और पूरे देश में अपना मिशन जारी रखेगी.

पूर्व मंत्री ने कहा, ”दिल्ली में हमारी हार रणनीतिक कारणों से हुई, लेकिन हमारी ताकत हमारे सर्मिपत कार्यकर्ता हैं. उन्हें लगा कि हम खत्म हो जाएंगे, लेकिन हम दोगुनी ताकत के साथ पूरे देश में वापसी करेंगे.” ‘आप’ की दिल्ली इकाई के नवनियुक्त प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने कहा कि 2015 के दिल्ली विधानसभा चुनावों में ‘आप’ की जीत पर पूरे शहर में जश्न मनाया गया था, लेकिन भाजपा की जीत पर वैसा माहौल देखने को नहीं मिला. उन्होंने कहा, ”उनके विधायक अपनी जीत से हैरान हैं.” भारद्वाज ने भाजपा पर चुनाव जीतने के लिए पुलिस, निर्वाचन आयोग और धनबल का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu