बीच हवा में टकराने वाले थे एअर इंडिया और नेपाल एयरलाइंस के विमान, बड़ा हादसा टला

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 26 Mar 2023 06:59 PM
ऑडियो सुनें

काठमांडू. नेपाल में शुक्रवार को एअर इंडिया और नेपाल एयरलाइंस के विमान बीच हवा में भिड़ने वाले थे, तभी चेतावनी प्रणाली ने पायलटों को सतर्क कर दिया और उनके तुरंत हरकत में आने से एक बड़ा हादसा टल गया. अधिकारियों ने रविवार को यहां यह जानकारी दी.

नेपाल के नागर विमानन प्राधिकरण (सीएएएन) ने लापरवाही के आरोप में हवाई यातायात नियंत्रण विभाग के तीन कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है. सीएएएन के प्रवक्ता जगन्नाथ निरूला ने यह जानकारी दी. शुक्रवार सुबह मलेशिया के कुआलालंपुर से काठमांडू आ रहे नेपाल एयरलाइंस के एयरबस ए-320 विमान और नयी दिल्ली से काठमांडू आ रहे एअर इंडिया के विमान की भिड़ंत होने वाली थी.

निरूला ने कहा कि एअर इंडिया का विमान 19 हजार फुट की ऊंचाई से नीचे की ओर आ रहा था जबकि नेपाल एयरलाइंस का विमान उसी समय 15 हजार फुट की ऊंचाई पर उड़ रहा था. प्रवक्ता ने कहा कि जब रडार पर दिखा कि दो विमान आसपास हैं, तो नेपाल एयरलाइंस का विमान नीचे उतरकर सात हजार फुट की ऊंचाई पर आ गया. नागर विमानन प्राधिकरण ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति बनाई है. सीएएएन ने घटना के समय नियंत्रण कक्ष में तैनात रहे तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया. इस घटना पर एअर इंडिया की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu