यात्री से मारपीट करने के आरोप में एअर इंडिया एक्सप्रेस का पायलट गिरफ्तार, जमानत मिली

नयी दिल्ली. दिल्ली पुलिस ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर एक यात्री पर हमला करने के आरोप में एअर इंडिया एक्सप्रेस के एक ‘ऑफ-ड्यूटी’ पायलट को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन बाद में उसे आईजीआई थाने से जमानत मिल गई. यह जानकारी मंगलवार को एक अधिकारी ने दी.

अधिकारी ने बताया कि कैप्टन वीरेंद्र सेजवाल पूर्व में जांच में शामिल हुए थे और जांच अधिकारी ने उनसे पूछताछ की थी. अधिकारी ने एक बयान में कहा, ”मामला दर्ज होने के बाद जांच प्रक्रिया के दौरान, संबंधित सीसीटीवी फुटेज एकत्र की गईं और बयान दर्ज किए गए. आरोपी को पूछताछ के लिए भी बुलाया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया.” उन्होंने यह भी कहा कि आरोपी को बाद में थाने से जमानत मिल गई.

अधिकारी ने कहा, ”जमानती अपराधों में, आरोपी को थाने से ही जमानत प्राप्त करने का अधिकार होता है.” सेजवाल के खिलाफ 19 दिसंबर को र्टिमनल-1 की सुरक्षा चौकी के पास हुई हिंसा के संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 115 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 126 (गलत तरीके से रोकना) और 351 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है.

यह मामला र्टिमनल 1 की सुरक्षा चौकी के पास हुई एक कथित झड़प से संबंधित है, जहां शिकायतकर्ता अंकित दीवान ने दावा किया कि सेजवाल ने उन पर हमला किया, जो उस समय ड्यूटी पर नहीं थे और एक यात्री के रूप में यात्रा कर रहे थे. दीवान द्वारा ईमेल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई और जांच शुरू की गई. पुलिस ने कहा कि दीवान को बुलाया गया था ताकि उनका विस्तृत बयान दर्ज किया जा सके, सबूत जुटाए जा सकें और उनकी चिकित्सा जांच की जा सके.

शिकायतकर्ता के अनुसार, विवाद तब शुरू हुआ जब उन्होंने सुरक्षा चौकी पर कुछ एयरलाइन र्किमयों के कतार तोड़कर आगे बढ़ने पर आपत्ति जताई. दीवान ने कहा कि पायलट ने सबके सामने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं. उन्होंने कहा कि घटना उनकी सात वर्षीय बेटी के सामने हुई, जो इसके बाद सदमे में है. बाद में एक बयान में, दीवान ने कहा कि सीटी स्कैन से उनकी नाक की बाईं हड्डी में ‘फ्रैक्चर’ की पुष्टि हुई है.

पुलिस ने बताया कि र्टिमनल 1 के सुरक्षा क्षेत्र में और इसके आसपास लगे कई कैमरों से सीसीटीवी फुटेज एकत्र कर ली गई है और कड़ी को जोड़ने के लिए इसकी जांच की जा रही है. साथ ही सभी संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कहा था कि उसे अपने एक कर्मचारी से जुड़ी घटना की जानकारी है और उस समय किसी अन्य एयरलाइन में यात्रा कर रहे पायलट को आंतरिक जांच लंबित रहने तक तत्काल प्रभाव से आधिकारिक कर्तव्यों से हटा दिया गया है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button