कई माह बाद चीन में दिखे अलीबाबा के संस्थापक जैक मा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 27 Mar 2023 07:58 PM
ऑडियो सुनें

हांगकांग. दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनी अलीबाबा के संस्थापक कई महीनों तक अलग-अलग देशों के दौरे पर रहने के बाद सोमवार को एक बार फिर चीन में नजर आए. वह हांगझू शहर के एक स्कूल में गए और उन्होंने कृत्रिम मेधा (एआई) जैसे विषयों पर चर्चा की. इस स्कूल की शुरुआत मा और उनके साझेदारों ने ही की थी. इस शहर में अलीबाबा का मुख्यालय भी है.

मा ने 1990 के दशक में ई-कॉमर्स कंपनी अलीबाबा का गठन किया था. किसी समय उनकी गिनती चीन के सबसे अमीर व्यक्ति के रूप में होती थी. हालांकि नवंबर, 2020 में वह चीन के नियामकों और वित्तीय प्रणाली की खुलेआम आलोचना करने के बाद सार्वजनिक रूप से काफी कम दिखाई देते थे.

उनकी इस टिप्पणी के बाद चीन के प्राधिकरणों ने अलीबाबा के वित्तीय सहयोगी एंट समूह के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम को भी रोक दिया था. एंट समूह 34.5 अरब डॉलर का आईपीओ लाने जा रहा था. यह उस समय दुनिया की सबसे बड़ी शेयर बिक्री होती. बाद में अलीबाबा के कामकाज की जांच हुई और उस पर 2.8 अरब डॉलर का जुर्माना भी लगाया गया. पिछले साल मा अपनी विदेश यात्राओं के दौरान यूरोप, जापान, थाइलैंड और हांगकांग गए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu