‘यादव परिवार’ के पांचों उम्मीदवारों ने बनायी मजबूत बढ़त

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 04 Jun 2024 07:59 PM
‘यादव परिवार’ के पांचों उम्मीदवारों ने बनायी मजबूत बढ़त
ऑडियो सुनें

लखनऊ. लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश से समाजवादी पार्टी (सपा) के टिकट पर चुनाव लड़ रहे सियासी लिहाज से प्रभावशाली यादव परिवार के अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल यादव सहित सभी पांच उम्मीदवार अब तक के रूझानों में मजबूत बढ़त बनाये हुए हैं. निर्वाचन आयोग के अनुसार, कन्नौज में सपा प्रमुख अखिलेश यादव भाजपा के सुब्रत पाठक से एक लाख 70 हजार 636 वोट से आगे हैं, जबकि मैनपुरी में डिंपल यादव भाजपा के जयवीर सिंह से दो लाख 21 हजार 639 मतों से आगे हैं.

आजमगढ़ में सपा के धर्मेंद्र यादव भाजपा के दिनेश लाल यादव निरहुआ से 1,54,836 वोट से आगे हैं जबकि फिरोजाबाद में पार्टी नेता राम गोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव भाजपा के विश्वदीप सिंह से 89,582 वोट से बढ़त बनाये हुए हैं. बदायूं में सपा नेता शिवपाल यादव के बेटे आदित्य यादव भाजपा के दुर्विजय सिंह शाक्य से 1,6,249 वोट से आगे हैं. पार्टी ने पहले इस सीट पर शिवपाल को टिकट दिया था, लेकिन बाद में उनके बेटे आदित्य को टिकट दे दिया गया. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमित शाह समेत भाजपा नेताओं ने चुनाव प्रचार के दौरान अखिलेश यादव पर अपने परिवार के सदस्यों को टिकट देने का आरोप लगाया था.

मैनपुरी में डिंपल यादव ने दो लाख 21 हजार से अधिक मतों के अंतर से चुनाव जीता

समाजवादी पार्टी (सपा) की उम्मीदवार डिंपल यादव ने मैनपुरी सीट से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के उम्­मीदवार जयवीर सिंह को 2,21,639 मतों के अंतर से पराजित कर दिया. निर्वाचन आयोग के अनुसार डिंपल ने 5,98,526 मत हासिल किया, जबकि उप्र सरकार के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह को 3,76,887 वोट मिले.

बसपा उम्मीदवार शिव प्रसाद यादव को 66,814 मत से संतोष करना पड़ा. सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने 2019 में इस सीट पर भाजपा के प्रेम सिंह शाक्य को 94,389 मतों के अंतर से पराजित किया था. मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद, डिंपल ने 2022 के उपचुनाव में भाजपा के रघुराज शाक्य को 2.88 लाख मतों के अंतर से हराया था. यह सीट 1996 से सपा के पास है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu