अमेरिका ने कनाडा को सात विकेट से हराकर शीर्ष स्तर की क्रिकेट में शानदार शुरुआत की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 02 Jun 2024 08:34 PM
अमेरिका ने कनाडा को सात विकेट से हराकर शीर्ष स्तर की क्रिकेट में शानदार शुरुआत की
ऑडियो सुनें

डलास. आरोन जोन्स की 40 गेंद पर खेली गई नाबाद 94 रन की पारी की मदद से सह मेजबान अमेरिका ने टी20 विश्व कप के उद्घाटन मैच में कनाडा को 14 गेंद शेष रहते हुए सात विकेट से हराकर शीर्ष स्तर की क्रिकेट में धमाकेदार शुरुआत की. कनाडा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 194 रन बनाए. अमेरिका ने इसके जवाब में एंड्रीज गौस के 65 रन और जोन्स की तूफानी पारी की मदद से 17.4 ओवर में तीन विकेट पर 197 रन बनाकर जीत दर्ज की. जोन्स ने अपनी पारी में 10 छक्के और चार चौके लगाए.

न्यूयॉर्क में जन्में जोन्स ने जहां आक्रमक बल्लेबाजी करके प्रभावित किया वहीं गौस ने भी बेहतरीन पारी खेली. अमेरिका ने 42 रन तक दो विकेट गंवा दिए थे इसके बाद गौस ने जिम्मेदारी संभाली. उन्होंने अपनी पारी में सात चौके और तीन छक्के लगाए. जोन्स और गौस ने तीसरे विकेट के लिए 131 रन की साझेदारी की जिससे अमेरिका आसानी से लक्ष्य हासिल करने में सफल रहा. इससे पहले नवनीत धालीवाल (61) और आरोन जॉनसन (23) ने कनाडा को आक्रामक शुरुआत दिलाई. इसके बाद निकोलस किर्टन ने 31 गेंदों में 51 रन बनाकर उसे चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया.

मुंबई में जन्मे बाएं हाथ के स्पिनर हरमीत सिंह ने छठे ओवर में जॉनसन को आउट करके टूर्नामेंट का पहला विकेट लिया. उनकी जगह लेने के लिए उतरे परगट सिंह भी केवल पांच रन बनाकर रन आउट हो गए. धालीवाल को हालांकि किर्टन के रूप में अच्छा साथी मिला. इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 62 रन जोड़े. न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर कोरी एंडरसन ने धालीवाल को आउट करके यह साझेदारी तोड़ी. धालीवाल ने 44 गेंद की अपनी पारी में छह चौके और तीन छक्के लगाए. विकेटकीपर श्रेयस मोव्वा ने 16 गेंदों पर 32 रन बनाकर रन गति धीमी नहीं पड़ने दी. उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और इतने ही छक्के लगाए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu