अमेरिकी हथियारों से युद्धक्षेत्र में यूक्रेन की स्थिति में बड़ा बदलाव आएगा: ब्लिंकन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 14 May 2024 07:29 PM
अमेरिकी हथियारों से युद्धक्षेत्र में यूक्रेन की स्थिति में बड़ा बदलाव आएगा: ब्लिंकन
ऑडियो सुनें

कीव. रूस के घातक हमलों के बीच अघोषित यात्रा पर यूक्रेन पहुंचे अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने मंगलवार को कहा कि यूक्रेन को मिलने वाली अमेरिकी सैन्य सहायता से युद्धक्षेत्र में ”बड़ा बदलाव” आएगा. युद्ध पर नजर रखने वाले विश्लेषकों के अनुसार हाल के दिनों में रूस ने पूर्वोत्तर सीमा पर हमले तेज कर दिए हैं और मॉस्को के सैनिकों ने लगभग 100 से 125 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र पर कब्जा कर लिया है, जिसमें कम से कम सात गांव शामिल हैं. हालांकि उनमें से अधिकांश गांव पहले ही खाली हो चुके हैं.

विश्लेषकों ने फरवरी 2022 में रूसी आक्रमण के बाद से ताजा हमलों को यूक्रेन के लिए सबसे खतरनाक दौर करार दिया है. ब्लिंकन की यात्रा के दौरान यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदिमीर जेलेंस्की ने पूर्वोत्तर में रूस की ओर से की जा रही गोलाबारी से नागरिकों की सुरक्षा के लिए मंगलवार को और अधिक वायु रक्षा प्रणालियों की मांग की. ब्लिंकन ने कहा, ”हम जानते हैं कि यह एक चुनौतीपूर्ण समय है. लेकिन अमेरिकी सैन्य सहायता युद्ध के मैदान में रूस की आक्रामकता के खिलाफ एक ‘बड़ा बदलाव’ लाएगी.” यूक्रेन की राजधानी में ही ब्लिंकन ने जेलेंस्की से मुलाकात की.

यूक्रेन को विलंबित विदेशी सहायता को अमेरिकी संसद की ओर से मंजूरी मिलने के एक महीने से भी कम समय में ब्लिंकन यात्रा पर पहुंचे हैं. इसमें यूक्रेन के लिए 60 अरब अमेरिकी डॉलर की राशि निर्धारित की गयी है. इसका अधिकांश हिस्सा बुरी तरह नष्ट हो चुके तोपखानों और वायु रक्षा प्रणालियों को नए सिरे से खड़ा करने पर खर्च किया जाएगा.

ब्लिंकन ने कहा कि अमेरिकी हथियारों की कुछ खेप अभी रास्ते में हैं और कुछ पहले ही यूक्रेन पहुंच चुकी है. जेलेंस्की ने सहायता के लिए ब्लिंकन को धन्यवाद दिया तथा कहा कि और अधिक सहायता की जरूरत है. उन्होंने कहा कि खारकिव की सुरक्षा के लिए दो ‘पैट्रियट’ वायु रक्षा प्रणालियों की तत्काल जरूरत है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu