ऑस्ट्रेलिया में स्वामीनारायण मंदिर की दीवार पर भारत-विरोधी नारे लिखे गए

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 05 May 2023 08:55 PM
ऑस्ट्रेलिया में स्वामीनारायण मंदिर की दीवार पर भारत-विरोधी नारे लिखे गए
ऑडियो सुनें

मेलबर्न. ऑस्ट्रेलिया के सिडनी शहर में शुक्रवार को ‘‘समाज-विरोधी तत्वों’’ ने एक प्रमुख हिंदू मंदिर की दीवारों पर भारत-विरोधी नारे लिखकर उसे विरूपित कर दिया. इस महीने के अंत में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऑस्ट्रेलिया यात्रा से पहले हिंदू मंदिर को विरूपित किए जाने का यह ताजा मामला है. यह घटना सिडनी के रोजहिल में बीएपीएस श्री स्वामीनारायण मंदिर में हुई. हालांकि यह घटना किस समय हुई, यह अभी पता नहीं चल पाया है.

‘ऑस्ट्रेलिया टुडे’ समाचार पत्र की खबर के अनुसार मंदिर अधिकारियों ने गेट पर एक खालिस्तानी झंडा भी लगा देखा और न्यू साउथ वेल्स (एनएसडब्ल्यू) पुलिस को मामले की जानकारी दी. मंदिर ने एक बयान में कहा, ‘‘हम रोजहिल में बीएपीएस श्री स्वामीनारायण मंदिर की दीवारों पर समाज विरोधी तत्वों द्वारा भारत-विरोधी नारे लिखे जाने की घटना से बहुत आहत हैं.’’

बयान में कहा गया है, ‘‘हम इस बात को लेकर और भी आहत हैं कि ऑस्ट्रेलिया में बीएपीएस मंदिरों को निशाना बनाया गया है. पिछले 23 वर्ष से, बीएपीएस स्वामीनारायण मंदिर स्थानीय समुदाय की पहचान रहा है और एक प्रमुख हिंदू मंदिर है, जो दुनिया भर के सभी बीएपीएस मंदिरों की तरह शांति-सद्भाव, समानता, नि:स्वार्थ सेवा और सार्वभौमिक हिंदू मूल्यों का स्रोत है.’’ ‘ऑस्ट्रेलिया टुडे’ समाचार पत्र की खबर के अनुसार परमट्टा से संसद सदस्य एंड्रयू कार्लटन घटना की जानकारी मिलते ही बीएपीएस मंदिर पहुंचे. कार्लटन ने मंदिर प्रबंधन के साथ दीवार की फिर पुताई में मदद की.

इस साल की शुरुआत में खालिस्तान समर्थकों ने मेलबर्न में तीन हिंदू मंदिरों और ब्रिस्बेन में दो हिंदू मंदिरों को विरूपित किया था.
प्रधानमंत्री मोदी 24 मई को क्वॉड शिखर सम्मेलन के लिए सिडनी जाने वाले हैं. मार्च में, ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीस की भारत यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी ने उनके समक्ष हिंदू मंदिरों पर लगातार हमलों का मुद्दा उठाया था और अपनी ंिचताओं से अवगत कराया था. इस पर अल्बनीस ने मोदी को आश्वासन दिया था कि ऑस्ट्रेलिया धार्मिक स्थलों पर हमलों को बर्दाश्त नहीं करेगा और ऐसी गतिविधियों के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu