सेना को अग्निवीर योजना नहीं चाहिए, ‘इंडिया’ गठबंधन इसे कूड़ेदान में फेंक देगा: राहुल गांधी

मोदी ने जवानों को मजदूरों में बदला : राहुल गांधी

महेंद्रगढ़. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि अगर ‘इंडिया’ गठबंधन सत्ता में आया तो अग्निवीर योजना को खत्म कर इसे कूड़ेदान में फेंक दिया जाएगा. इसके साथ ही उन्होंने ‘हिन्दुस्तान के जवानों को मजदूर बनाने’ के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आलोचना की.

लोकसभा चुनाव के लिए हरियाणा में अपनी पहली जनसभा में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने किसानों के मुद्दे पर भी प्रधानमंत्री मोदी को घेरा. उन्होंने दावा किया मोदी सरकार ने 22 अरबपतियों का 16 लाख करोड़ रुपये का कर्ज माफ कर दिया, लेकिन उसने साफ तौर पर कहा है कि वह ”किसानों का कर्ज माफ नहीं करेगी क्योंकि इससे सरकार पर आर्थिक बोझ बढ़ जाएगा.” कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ”हम किसानों की सुरक्षा और उन्हें उचित मुआवजा देने के लिए भूमि अधिग्रहण विधेयक लाए थे, लेकिन मोदी सरकार ने इसे रद्द कर दिया. फिर वे तीन काले कृषि कानून लाए और किसानों को सड़कों पर उतरना पड़ा.”

अग्निवीर योजना को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की आलोचना करते हुए राहुल गांधी ने दावा किया, ”यह सेना की योजना नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी की योजना है, सेना ऐसा नहीं चाहती. इस योजना को प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से तैयार किया गया था.” महेंद्रगढ़-भिवानी लोकसभा क्षेत्र में आयोजित रैली में राहुल गांधी ने कहा, ”जब ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंट इंक्लूसिव अलायंस) की सरकार बनेगी तो हम अग्निवीर योजना को कूड़ेदान में फेंक देंगे.” गांधी ने कहा कि हरियाणा और देश के युवाओं के हाथों में भारत की सीमाएं सुरक्षित हैं.

उन्होंने कहा, ”देशभक्ति हमारे युवाओं के खून में है. प्रधानमंत्री मोदी ने हिन्दुस्तान के जवानों को मजदूर बना दिया है.” राहुल गांधी ने भाजपा सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा, ”वे कहते हैं कि शहीद दो तरह के होंगे- एक सामान्य जवान और अधिकारी जिन्हें पेंशन, शहीद का दर्जा, सारी सुविधाएं मिलेंगी और दूसरा गरीब परिवार का व्यक्ति जिसे अग्निवीर नाम दिया गया है. अग्निवीरों को न शहीद का दर्जा मिलेगा, न पेंशन और न ही कैंटीन की सुविधा.” केंद्र ने 2022 में थल सेना, नौसेना और वायुसेना में जवानों की औसत आयु में कमी लाने के उद्देश्य से अल्पकाल के लिए सैनिकों की भर्ती के खातिर ”अग्निपथ” भर्ती योजना शुरू की थी.

योजना के तहत साढ़े 17 से 21 वर्ष की आयु के युवाओं को चार साल की अवधि के लिए सेना में भर्ती करने का प्रावधान है जिनमें से 25 प्रतिशत को आगे के 15 वर्ष तक सेवा में रखने का भी प्रावधान है. गांधी ने दावा करते हुए कहा कि जब चार जून को ‘इंडिया’ गठबंधन सत्ता में आएगा तो हरियाणा और अन्य राज्यों में किसानों का कर्ज माफ कर दिया जाएगा. उन्होंने कहा, ”हम कर्जा माफी आयोग लाएंगे.” उन्होंने कहा, ”जब भी हरियाणा के किसानों को कर्ज माफी की जरूरत होगी तो आयोग सरकार को बताएगा और कर्ज माफ कर दिया जाएगा. जब वे उद्योगपतियों के 16 लाख करोड़ रुपये माफ कर सकते हैं तो हम किसानों, मजदूरों और गरीबों की मदद क्यों नहीं कर सकते?”

राहुल गांधी ने कहा कि अगर कांग्रेस ने अडाणी-अंबानी से टेंपो में धन लिया है तो मोदी सरकार ने इसकी जांच क्यों नहीं करवाई? उन्होंने कहा, ”10 साल तक आपने अडाणी-अंबानी का नाम नहीं लिया और अब जाकर अपने एक भाषण में उनका नाम लिया. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अडाणी-अंबानी कांग्रेस को पैसा दे रहे थे. आपको कैसे पता चला कि वे टेंपो में पैसा दे रहे थे?” गांधी ने दावा किया कि पूरे देश जानता है कि ”मोदी जी और अंबानी की साझेदारी से सरकार चल रही है.” कांग्रेस के चुनावी घोषणापत्र में प्रस्तावित योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ”प्रत्येक परिवार से एक महिला का चयन किया जाएगा. चार जून को ‘इंडिया’ (गठबंधन) की सरकार बनने जा रही है. चार जुलाई को काम शुरू कर दिया जाएगा. प्रत्येक परिवार से एक महिला के बैंक खाते में 8,500 रुपये भेज दिए जाएंगे.” उन्होंने कहा कि हरियाणा ने देश को विकास की राह दिखाई है.

गांधी ने कहा, ”यहां तूफान उठ रहा है. कांग्रेस का तूफान आ रहा है. कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन यहां सभी सीट जीतने वाले हैं.” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा ”खुलेआम” कह रही है कि वह संविधान को ”खत्म” कर देगी और आरक्षण रद्द कर देगी.
हाथ में संविधान की प्रति पकड़े हुए गांधी ने कहा, ”भाजपा को छोड़कर दुनिया में ऐसी कोई ताकत नहीं है जो इस किताब को खत्म कर सके.” रैली में कांग्रेस महासचिव दीपक बावरिया, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस के हरियाणा प्रमुख उदय भान, पार्टी नेता किरण चौधरी और श्रुति चौधरी तथा भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा उम्मीदवार राव दान सिंह भी मौजूद थे. हरियाणा की 10 लोकसभा सीट पर 25 मई को मतदान होना है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button