अयोध्या में श्री रामलला के दर्शनार्थियों को गर्मी से बचाने की व्यवस्था की गई

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 31 May 2024 06:55 PM
अयोध्या में श्री रामलला के दर्शनार्थियों को गर्मी से बचाने की व्यवस्था की गई
ऑडियो सुनें

अयोध्या. अयोध्या में भगवान श्री रामलला के भव्य मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को भीषण गर्मी से राहत दिलाने के तहत मंदिर प्रबंधन ने छाया और ‘ओआरएस’ उपलब्ध कराने सहित कई व्यवस्थाएं की हैं. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में इस वर्ष की शुरुआत में 22 जनवरी को भव्य-नव्­य मंदिर में भगवान श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की गयी और तब से देश भर से लाखों श्रद्धालु भगवान राम के दर्शन के लिए यहां पहुंच रहे हैं. श्रद्धालु भीषण गर्मी और लू का भी सामना कर रहे हैं, जिसने इस समय उत्तर भारत को अपनी चपेट में ले रखा है.

राम मंदिर ट्रस्ट कैंप कार्यालय के प्रभारी प्रकाश गुप्ता ने शुक्रवार को ‘पीटीआई वीडियो’ को बताया, “गर्मी अपने चरम पर है और तापमान लगभग 50 डिग्री के पास पहुंच रहा है. इसे देखते हुए हमने श्रद्धालुओं के लिए 500 से अधिक कुर्सियों वाला एक सहायता केंद्र स्थापित किया है. केंद्र में बड़े कूलर सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं.” उन्होंने कहा, “हम कतारों में खड़े श्रद्धालुओं को ठंडा पानी और ओआरएस भी उपलब्ध करा रहे हैं और अन्य व्यवस्थाएं भी की गई हैं, ताकि यह सुनिश्चित हो कि श्रद्धालुओं को कतार में कम से कम समय बिताना पड़े.” मंदिर ट्रस्ट के अलावा स्थानीय प्रशासन ने भी श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाएं की हैं. जिला अस्पताल के चिकित्सकों को लू या इसी तरह की स्थिति से प्रभावित श्रद्धालुओं की सहायता के लिए तैयार रहने को कहा गया है.

राम मंदिर में दर्शन के लिए शुक्रवार को पहुंचे श्रद्धालु मोहन ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, “सहायता केंद्र पर ठंडे पानी, कूलर और पंखों की व्यवस्था अच्छी है और इससे गर्मी से राहत मिलती है.” प्रकाश गुप्ता ने बताया कि ”उमस भरे मौसम के बावजूद हर दिन करीब 50 हजार श्रद्धालु राम मंदिर पहुंच रहे हैं.” मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पिछले सात दिनों से अयोध्या में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है. बुधवार और बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu