एशियाई एथलेटिक्स: गुलवीर ने स्वर्ण और सेबेस्टियन ने कांस्य पदक जीता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 27 May 2025 07:44 PM
एशियाई एथलेटिक्स: गुलवीर ने स्वर्ण और सेबेस्टियन ने कांस्य पदक जीता
ऑडियो सुनें

गुमी. राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक गुलवीर सिंह ने मंगलवार को यहां 27वीं एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप के पहले दिन पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में शीर्ष स्थान हासिल करके भारत को प्रतियोगिता का पहला स्वर्ण पदक दिलाया, जबकि र्सिवन सेबेस्टियन ने 20 किमी पैदल चाल में कांस्य पदक जीता. एशियाई खेल 2023 के कांस्य पदक विजेता 26 वर्षीय गुलवीर ने 28 मिनट 38.63 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता. उनका राष्ट्रीय रिकॉर्ड 27:00.22 सेकंड है जो उन्होंने इस साल की शुरुआत में बनाया था. गुलवीर का यह एशियाई चैंपियनशिप में पहला स्वर्ण पदक है.

जापान के मेबुकी सुजुकी (28:43.84) ने रजत, जबकि बहरीन के अल्बर्ट किबिची रोप (28:46.82) ने कांस्य पदक जीता. इस स्पर्धा में भाग ले रहे एक अन्य भारतीय खिलाड़ी सावन बरवाल 28:50.53 के समय के साथ चौथे स्थान पर रहे. इससे पहले दिन में सेबेस्टियन ने पुरुषों की 20 किमी पैदल चाल स्पर्धा में एक घंटा 21 मिनट और 13.60 सेकंड (1:21:13.60) का समय लेकर कांस्य पदक जीतकर भारत का प्रतियोगिता में खाता खोला था. भारत को हालांकि महिलाओं की भाला फेंक स्पर्धा में निराशा हाथ लगी, जब एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता और राष्ट्रीय रिकार्डधारी अनु रानी 58.30 मीटर के औसत प्रदर्शन के साथ चौथे स्थान पर रहीं.

उत्तर प्रदेश के अलीगढ. जिले के अतरौली तहसील के सिरसा गांव में किसान पिता के घर जन्मे गुलवीर ने अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखा. वह लगातार राष्ट्रीय रिकार्ड तोड़ रहे हैं. उनका आखिरी रिकार्ड इस वर्ष की शुरुआत में 10000 मीटर में 27:00.22 का था.
गुलवीर ने अच्छी रणनीतिक दौड़ लगाई और आखिर में वह अपने प्रतिद्वंद्वियों को काफी पीछे छोड़ने में सफल रहे. आखिर में मुकाबला तीनों पदक विजेताओं के बीच ही सिमट कर रह गया था.

आखिरी लैप से ठीक पहले किबिची आगे चल रहे थे और गुलवीर उनके पीछे थे. लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने जल्द ही तेज दौड़ लगाई और आखिरी लैप के बीच में ही वे बाकी दो प्रतिद्वंद्वियों से काफी आगे निकल गए. सुजुकी ने अंत में किबिची को पछाड़कर रजत पदक हासिल किया.

गुलवीर ने कहा ,” हमारा मुख्य लक्ष्य पहला स्थान हासिल करना था . मुझे खुशी है कि रणनीति पर अमल करने में कामयाब रहा .” उन्होंने कहा ,” इस स्वर्ण पदक से मेरी विश्व रैंकिंग बेहतर होगी और सितंबर में तोक्यो में विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में जगह बनाने में मदद मिलेगी .” गुलवीर एशियाई चैंपियनशिप में 10000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं. उनसे पहले हरि चंद (1975) और जी लक्ष्मणन (2017) ने यह उपलब्धि भी हासिल की थी.

उनके नाम पर 5000 मीटर में राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी है, जिसमें वह यहां प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं. गुलवीर ने एशियाई चैंपियनशिप 2023 में 5000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता था और अब वह अपने इस प्रदर्शन में सुधार करना चाहेंगे. सेबेस्टियन का समय उनके व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय एक घंटा 21 मिनट 23 सेकंड से थोड़ा अधिक था, जो उन्होंने इस वर्ष फरवरी में उत्तराखंड राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के दौरान बनाया था.

चीन के वांग झाओझाओ (1:20:36.90) और जापान के केंटो योशिकावा (1:20:44.90) ने क्रमश: स्वर्ण और रजत पदक जीता.
इस स्पर्धा में भाग ले रहे एक अन्य भारतीय खिलाड़ी अमित 1:22:14.30 समय के साथ पांचवें स्थान पर रहे. पुरुषों की ऊंची कूद में सर्वेश अनिल कुशारे ने 2.10 मीटर के प्रयास के साथ क्वालीफिकेशन ग्रुप बी में चौथे स्थान पर रहकर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया. भारत ने इस प्रतियोगिता के लिए 59 सदस्यीय दल भेजा है. भारत ने पिछली बार इस चैंपियनशिप में 27 पदक जीते थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu