
चुनाव रुझानों पर सीएम ममता बनर्जी की पहली प्रतिक्रिया
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव रुझानों पर पहली प्रतिक्रिया देते हुए अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को मतदान केंद्रों पर डटे रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि अभी कुछ ही राउंड की मतगणना हुई है और जैसे जैसे मतगणना आगे बढ़ेगी तो चुनाव नतीजे पलट भी सकते हैं। उन्होंने पार्टी के पोलिंग एजेंट्स को मतदान केंद्रों से नहीं हटने की अपील की।
यूडीएफ की बढ़त के बीच कांग्रेस मुख्यालय में जश्न का माहौल
केरल विधानसभा चुनावों की मतगणना के अंतिम चरण में कांग्रेस नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) की जोरदार बढ़त के साथ राज्य की राजधानी तिरुवनंतपुरम स्थित कांग्रेस मुख्यालय में जश्न का माहौल बन गया है। रुझानों के मुताबिक यूडीएफ करीब 96 सीटों पर आगे चल रहा है, जबकि वाम मोर्चा 41 और भाजपा 2 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
कांग्रेस कार्यालय के अंदर प्रदेश अध्यक्ष सनी जोसेफ लगातार टीवी स्क्रीन पर विभिन्न सीटों के रुझानों पर नजर बनाए हुए थे। शुरुआती दौर में उनके पीछे होने की खबर से कुछ समय के लिए चिंता जरूर बढ़ी, लेकिन जल्द ही उन्होंने बढ़त हासिल कर ली, जो पूरे राज्य में यूडीएफ के प्रदर्शन को दर्शाती है।
जैसे-जैसे यूडीएफ की बढ़त मजबूत होती गई, वरिष्ठ नेताओं का पार्टी मुख्यालय पहुंचना शुरू हो गया। वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला सबसे पहले पहुंचने वालों में थे, जो हरिपद सीट से 10,000 से अधिक वोटों से आगे चल रहे हैं। उनके पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की और उन्हें कंधों पर उठाकर कार्यालय के अंदर ले गए।
इसके बाद के.सी. वेणुगोपाल, जिन्हें मुख्यमंत्री पद का संभावित दावेदार माना जा रहा है, भी मुख्यालय पहुंचे। उनके स्वागत में कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर दिखा और उन्हें भी कंधों पर उठाकर अंदर ले जाया गया।
सबसे ज्यादा उत्साह उस समय देखने को मिला जब नेता प्रतिपक्ष वी.डी. सतीशन मुख्यालय पहुंचे। शुरुआती राउंड में पीछे रहने के बाद उन्होंने परावूर सीट पर वापसी करते हुए बढ़त बना ली। उनके पहुंचते ही कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
इस दौरान के.सी. वेणुगोपाल ने पार्टी कार्यालय में जीत का केक काटा, जिसे शशि थरूर, सनी जोसेफ, रमेश चेन्निथला और वी.डी. सतीशन सहित अन्य नेताओं को खिलाया गया।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार असम में भाजपा प्रचंड जीत की ओर
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार 12.30 बजे तक असम में भाजपा 78 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस 24 सीटों पर आगे है। बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट 10 सीटों पर आगे है और असम गण परिषद 9 सीटों पर आगे है।
आसनसोल में हंगामा, हालात काबू करने को पुलिस का लाठीचार्ज
पश्चिम बंगाल के आसनसोल में बवाल की खबर है। काउंटिंग के बीच कुछ लोगों ने हंगामा किया। मारपीट भी हुई। हालात को काबू करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा
हुमायूं कबीर बोले- ये तो होना ही था
बंगाल की आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के प्रमुख हुमायूं कबीर ने कहा, ‘जो हुआ, अच्छा हुआ; यह तो होना ही था। ममता बनर्जी ने तीन बार मुख्यमंत्री के रूप में काम करते हुए अपने भतीजे को बहुत शक्ति दी, जनता को धोखा दिया और उनका धन लूटा… मैं बंगाल की जनता को टीएमसी को उचित जवाब देने के लिए बधाई देता हूं… मैं दोनों सीटें जीतूंगा।’
बंगाल में टीएमसी 100 सीटों से नीचे आई
12 बजे के रुझानों में टीएमसी 100 सीटों से नीचे आ गई है और 94 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं भाजपा दोहरे शतक की तरफ बढ़ रही है और 190 सीटों पर आगे चल रही है।
तमिलनाडु में टीवीके 109 सीटों पर आगे चल रही है। द्रमुक पार्टी को बड़ा झटका लगा है और पार्टी 52 सीटों पर सिमट गई है। अन्नाद्रमुक 73 सीटों पर आगे चल रही है।
असम में भाजपा प्रचंड जीत की तरफ बढ़ रही है। भाजपा 98 सीटों पर आगे है। कांग्रेस 25 सीटों पर आगे है।
केरल में यूडीएफ गठबंधन ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। यूडीएफ 92 सीटों पर आगे है। एलडीएफ 43 सीटों पर आगे चल रहा है।
पुदुचेरी में एनडीए गठबंधन 22 सीटों पर आगे है और शानदार जीत की तरफ बढ़ रहा है। वहीं कांग्रेस गठबंधन 6 सीटों पर आगे है।
तमिलनाडु में सीएम समेत डीएमके सरकार के 15 मंत्री पिछड़े
तमिलनाडु में सत्ताधारी दल डीएमके के बड़ा झटका लगा है। नतीजों से पहले डीएमके पार्टी और सभी एग्जिट पोल भी डीएमके की जीत का दावा कर रहे थे। हालांकि नतीजों में मामला पूरी तरह से उलट गया है। हालात ये हैं कि तीसरे राउंड की वोटों की गिनती के बाद सीएम स्टालिन समेत डीएमके सरकार के 15 मंत्री पीछे चल रहे हैं। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, सीएम स्टालिन कोलाथुर सीट से दो हजार से ज्यादा वोटों से पीछे चल रहे हैं। वहीं उनके बेटे और डिप्टी सीएम उदयनिधि स्टालिन भी चेपक-थिरुवल्लीकेनी सीट से पीछे चल रहे हैं। साथ ही डीएमके के महासचिव और वरिष्ठ मंत्री दुरई मुरुगन, पी गीता जीवन, एमए सुब्रमण्यन, ईवी वेलु, पीके शेखरबाबू, टीएम अंबरासन, केएन नेहरू, गोवी चेजियन, नजर, माथीवेंथन, टीआरबी राजा, केकेएसएसआर रामचंद्रन और थंगम थेनारासु पीछे चल रहे हैं।
कोलकाता में भाजपा के मुख्यालय में जश्न शुरू, कार्यकर्ता बोले- आज बंगाल का अंधेरा छंट गया
कोलकाता में भाजपा मुख्यालय में जश्न शुरू हो गया है। भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है। एक महिला कार्यकर्ता ने कहा कि आज वाजपेयी जी की वो पंक्तियां याद आ रही हैं कि सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा और अंधेरा छंटेगा। आज बंगाल का अंधेरा छंट गया है।
संघ के 100 साल पूरे होने पर बंगाल में इतिहास रचने के करीब भाजपा
पश्चिम बंगाल में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। जो रुझान सामने आ रहे हैं। उनके तहत बंगाल में भगवा परचम लहराने को तैयार है। भारतीय जनसंघ के संस्थापकों में से एक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जन्मभूमि बंगाल में भाजपा पहली बार जीत हासिल करने की ओर बढ़ रही है।
‘सीएम हिमंता बिस्व सरमा डिस्टिंक्शन से पास हुए’
असम भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने कहा, ‘यह जनता का आशीर्वाद है। हम निश्चित रूप से असम में तीसरी बार सरकार बनाएंगे। आज असम की जनता ने एक ऐतिहासिक जनादेश हमें दिया है…हम अभी इंतजार करेंगे…” उन्होंने आगे कहा, “पश्चिम बंगाल में भी भाजपा की सरकार बनने की पूरी उम्मीद है। शुरुआती रूझानों में भाजपा आगे चल रही है।’ उन्होंने कहा कि हिमंता बिस्व सरमा के नेतृत्व में असम में भाजपा सरकार चली और अब नतीजों में जो नतीजे आए हैं, उससे साफ है कि हिमंता बिस्व सरमा पास हुए हैं और न सिर्फ पास हुए हैं, बल्कि डिस्टिंक्शन से पास हुए हैं।
चुनाव आयोग के आंकड़ों में भाजपा 134 सीटों पर आगे
चुनाव आयोग के डेटा के अनुसार, सुबह 11.30 बजे के नतीजों में भाजपा 134 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं टीएमसी 72 सीटों पर आगे है। अभी के वोट प्रतिशत के अनुसार, तृणमूल को 45 प्रतिशत वोट शेयर मिला है, वहीं भजापा को 45 प्रतिशत वोट शेयर मिला है। कांग्रेस का प्रदर्शन बहुत खराब है और देश की सबसे पुरानी पार्टी को महज 3 प्रतिशत वोट शेयर ही मिला है।
तमिलनाडु में टीवीके के रुझानों में बढ़त बनाने से कार्यकर्ताओं में उत्साह
तमिलनाडु में टीवीके के प्रदर्शन से उसके कार्यकर्ताओँ में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर खुशी मना रहे हैं और सीटी बजा रहे हैं। बता दें कि सीटी टीवीके का चुनाव चिन्ह है।
बंगाल में भाजपा और टीएमसी के बीच बढ़ रहा अंतर
सुबह 11 बजे तक के रुझानों में बंगाल में भाजपा बहुमत के आंकड़ा पार कर लिया है और भाजपा और टीएमसी के बीच सीटों का अंतर बढ़ता दिख रहा है। भाजपा 163 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं टीएमसी 116 सीटों पर आगे है। कांग्रेस अपना खाता खोलने के लिए भी तरस रही है।
तमिलनाडु में पहला चुनाव लड़ रही विजय की पार्टी टीवीके की आंधी चल रही है और पार्टी ने 105 सीटों पर बढ़त बनाई हुई है। द्रमुक 49 सीटों पर आगे है। वहीं अन्नाद्रमुक ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 80 सीटों पर बढ़त बना ली है।
केरल में यूडीएफ ने बहुमत का आंकड़ा पार करते हुए 96 सीटों पर बढ़त बना ली है। एलडीएफ 40 सीटों पर आगे है।
असम में भाजपा की आंधी चल रही है। भाजपा 96 सीटों पर आगे है। वहीं कांग्रेस 28 सीटों पर आगे है।
पुदुचेरी में भी एनडीए ने 22 सीटों पर बढ़त बना ली है और कांग्रेस 6 सीटों पर आगे है और अन्य 1 सीट पर आगे हैं।
भाजपा मुख्यालय के बाहर जश्न शुरू
नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय पर जश्न शुरू। बैंड बाजे के साथ मिठाईयां बांटी जा रही हैं।
भाजपा मुख्यालय के बाहर जश्न मनाया जा रहा है। भाजपा ने असम में बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है और पश्चिम बंगाल में आगे चल रही है। काउंटिंग जारी है।
असम में भाजपा नेता बोले- चुनाव नतीजे बहुत अच्छे होंगे
असम में भाजपा उम्मीदवार भूपेन कुमार बोरा बिहपुरिया विधानसभा सीट के काउंटिंग सेंटर पर पहुंचे। उन्होंने कहा, ‘असम की जनता मुख्यमत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में इसलिए एकजुट हुई है क्योंकि असम को विकास चाहिए… चुनाव के नतीजे बहुत अच्छे होंगे।’
सुबह 10 बजे के रुझानों में बंगाल में भाजपा बहुमत के करीब पहुंची
सुबह 10 बजे तक के रुझानों में बंगाल में भाजपा बहुमत के आंकड़े के करीब पहुंच गई है। भाजपा ने 150 सीटों पर बढ़त बना ली है। टीएमसी 92 सीटों पर आगे चल रही है।
तमिलनाडु में सभी को चौंकाते हुए विजय की पार्टी टीवीके 103 सीटों के साथ सबसे आगे चल रही है। द्रमुक 51 सीटों पर बढ़त बना चुकी है। वहीं अन्नाद्रमुक ने भी स्पीड पकड़ते हुए 72 सीटों पर बढ़त बना ली है।
केरल में यूडीएफ ने बढ़त मजबूत करते हुए 89 सीटों पर बढ़त बना ली है। एलडीएफ 47 सीटों पर आगे है। भाजपा ने 3 सीटों पर बढ़त बनाई हुई है।
असम में भाजपा जीत की हैट्रिक की तरफ तेजी से बढ़ रही है। भाजपा 95 सीटों पर और कांग्रेस 28 सीटों पर आगे है।
पुदुचेरी में भी एनडीए ने 22 सीटों पर बढ़त बना ली है और कांग्रेस 6 सीटों पर आगे है और अन्य 1 सीट पर आगे हैं।
केरल में कांग्रेस सांसद जेबी माथेर ने रुझानों पर जताई खुशी
चुनाव आयोग के ताजा ट्रेंड्स के मुताबिक, कांग्रेस की लीडरशिप वाली UDF ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। कांग्रेस सांसद जेबी माथेर ने कहा, ‘हमने 89 पार कर लिए हैं, 100 के मुकाबले सिर्फ़ 11 सीटें। यह एग्ज़िट पोल के अंदाज़े से कहीं ज़्यादा है। केरलम के लोगों ने कांग्रेस की लीडरशिप वाली UDF को एक बड़ी जीत दी है। यह उत्साह, उमंग और गर्व का पल है। हम केरलम के लोगों के शुक्रगुज़ार हैं। यह इस बात का भी प्रतिबिंब है कि CPI(M) की लीडरशिप वाली LDF कितनी बुरी तरह फेल रही और एंटी-इनकंबेंसी फैक्टर ने बहुत अच्छा काम किया।’
सुबह 9.30 बजे के रुझानों में बंगाल में भाजपा ने बनाई बढ़त
सुबह 9.30 बजे तक के रुझानों में बंगाल में भाजपा ने बढ़त बना ली है। भाजपा 135 और टीएमसी 107 सीटों पर आगे चल रही हैं।
तमिलनाडु में सभी को चौंकाते हुए विजय की पार्टी टीवीके 84 सीटों के साथ सबसे आगे चल रही है। द्रमुक 54 सीटों पर बढ़त बना चुकी है। वहीं अन्नाद्रमुक ने भी स्पीड पकड़ते हुए 60 सीटों पर बढ़त बना ली है।
केरल में यूडीएफ ने बढ़त मजबूत करते हुए 83 सीटों पर बढ़त बना ली है। एलडीएफ 54 सीटों पर आगे है। भाजपा ने 2 सीटों पर बढ़त बनाई हुई है।
असम में भाजपा जीत की हैट्रिक की तरफ तेजी से बढ़ रही है। भाजपा 80 सीटों पर और कांग्रेस 27 सीटों पर आगे है।
पुदुचेरी में भी एनडीए ने 22 सीटों पर बढ़त बना ली है और कांग्रेस 6 सीटों पर आगे है।



