विधानसभा चुनाव परिणाम संकेत हैं कि भाजपा 2024 में स्पष्ट बहुमत के साथ केंद्र में लौटेगी: राजनाथ

नयी दिल्ली. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चार में से तीन राज्यों के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत को ‘शानदार’ उपलब्धि बताया और सोमवार को कहा कि परिणाम संकेत देते हैं कि पार्टी 2024 में स्पष्ट बहुमत के साथ केंद्र की सत्ता में लौटेगी.

सिंह ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ”यह शानदार जीत है.” भाजपा के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ”ऐसा लगता है कि देश ने मन बना लिया है कि भाजपा 2024 का लोकसभा चुनाव स्पष्ट बहुमत से जीतकर अपनी सरकार बनाए.” मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भाजपा ने रविवार को कांग्रेस को करारी शिकस्त देकर हिंदी पट्टी में अपनी पकड़ मजबूत कर ली. इस जीत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विश्वास को और मजबूती दी है. इन चुनावी नतीजों ने 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए माहौल जरूर बना दिया है.
राजस्थान और छत्तीसगढ़ में हार के बाद कांग्रेस के लिए थोड़ी राहत की बात यह है कि देश की सबसे पुरानी पार्टी ने तेलंगाना में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) को सत्ता से बाहर कर दिया.

Related Articles

Back to top button