तृणमूल के युसूफ पठान सहित कम से कम 15 मुस्लिम उम्मीदवारों को बढ़त

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 04 Jun 2024 07:35 PM
तृणमूल के युसूफ पठान सहित कम से कम 15 मुस्लिम उम्मीदवारों को बढ़त
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. पश्चिम बंगाल के बहरामपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार युसूफ पठान सहित विभिन्न दलों के कम से कम 15 मुस्लिम उम्मीदवार हैं जिन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों पर बढ़त बनाई हुई है. बहरामपुर में युसूफ पठान कांग्रेस उम्मीदवार एवं वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी से 73 हजार से अधिक मतों से बढ़त बनाए हुए हैं.
इस लोकसभा चुनाव में कुल 78 मुस्लिम उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं.

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से कांग्रेस उम्मीदवार इमरान मसूद 80,000 से अधिक मतों की बढ़त बनाये हुए हैं, जबकि कैराना से 29 वर्षीय उम्मीदवार इकरा चौधरी भी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से 60,000 से अधिक मतों से आगे हैं. गाजीपुर से निवर्तमान सांसद अफजाल अंसारी भी अपनी सीट पर 1.20 लाख से अधिक मतों से आगे हैं. ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी हैदराबाद सीट पर तीन लाख से अधिक मतों से आगे हैं. वह यहां के मौजूदा सांसद भी हैं.

केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख की एकमात्र लोकसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार मोहम्मद हनीफा जान ने 28,673 मतों की बढ़त हासिल कर ली है, जबकि बारामूला से एक अन्य निर्दलीय उम्मीदवार अब्दुल रशीद शेख लगभग दो लाख मतों से आगे हैं. उत्तर प्रदेश की रामपुर सीट से मोहिबुल्लाह 80,000 से अधिक मतों से आगे हैं, जबकि संभल से जिया-उर-रहमान ने 1.3 लाख से अधिक मतों की बढ़त बना ली है.

अनंतनाग-राजौरी सीट से नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के मियां अल्ताफ अहमद अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती से 2.75 लाख से अधिक मतों से आगे हैं. श्रीनगर से नेकां उम्मीदवार आगा सैयद रूहुल्लाह मेहदी 1.8 लाख से अधिक मतों से आगे हैं. पश्चिम बंगाल की बहरामपुर सीट पर एक और अप्रत्याशित रुझान सामने आ रहा है. यहां तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार और पहली बार चुनाव लड़ रहे यूसुफ पठान निवर्तमान लोकसभा में कांग्रेस के नेता और छह बार के सांसद अधीर रंजन चौधरी से 73,262 मतों से आगे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu