यूक्रेन पर रूस के हमले में कम से कम छह लोगों की मौत

कीव. रूस द्वारा मंगलवार को यूक्रेन में इमारतों और ऊर्जा संरचनाओं को निशाना बनाकर किए गए सिलसिलेवार हमलों में कम से कम छह लोगों की मौत हो गयी. वहीं यूक्रेन द्वारा दक्षिणी रूस में किए गए गए हमले में तीन लोगों की मौत हो गई और कई घरों को नुकसान पहुंचा. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. राजधानी कीव के कुछ हिस्सों में पानी और बिजली आपूर्ति ठप हो गई.

‘टेलीग्राम’ पर पोस्ट एक वीडियो फुटेज में कीव के पूर्वी जिले द्निप्रोव्स्की में नौ मंजिला एक आवासीय इमारत में भीषण आग दिख रही है. मेयर विटाली कित्श्को ने बताया कि द्निप्रोव्स्की में दो लोग मारे गए व पांच घायल हुए जबकि मध्य पेचेर्स्क जिले में एक अन्य आवासीय इमारत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी. कीव नगर प्रशासन के अनुसार, शहर के पश्चिमी जिले में एक इमारत पर हुए हमले में चार लोग मारे गए और तीन अन्य लोग घायल हो गए.

यूक्रेन के ऊर्जा मंत्रालय ने कहा कि ऊर्जा अवसंरचना को नुकसान पहुंचा है हालांकि उसने नुकसान का विवरण नहीं दिया. यूक्रेन की आपातकालीन सेवाओं के मुताबिक, ओडेसा क्षेत्र में ऊर्जा व बंदरगाह अवसंरचना पर रूसी हमले में दो बच्चों सहित छह लोग घायल हो गए. रूस के दक्षिणी रोस्तोव क्षेत्र में देर रात यूक्रेनी ड्रोन हमले में तीन लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य लोग घायल हो गए.

क्षेत्र के गवर्नर यूरी स्लूसर ने मंगलवार को एक ऑनलाइन बयान में बताया कि यह हमला तगानरोग शहर में हुआ. उन्होंने कहा कि हमले में आवासीय इमारतों, एक गोदाम और एक दुकान को नुकसान पहुंचा है. रूस के रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि रूसी वायु रक्षा बलों ने क्रीमिया और विभिन्न रूसी क्षेत्रों के ऊपर रात भर में 249 यूक्रेनी ड्रोन नष्ट किए. रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इनमें से ज्यादातर ड्रोन (116) काला सागर के ऊपर मार गिराए गए.

ये हमले रविवार को जिनेवा में अमेरिका और यूक्रेनी प्रतिनिधियों के बीच अमेरिका-रूस की मध्यस्थता वाले शांति प्रस्ताव पर बातचीत के बाद हुए. यूक्रेन के एक प्रतिनिधि ओलेक्सांद्र बेव्ज ने बताया कि बातचीत ‘काफी रचनात्मक’ रही और दोनों पक्ष ज़्यादातर बिंदुओं पर चर्चा करने में सफल रहे. क्रेमलिन प्रवक्ता दमित्री पेसकोव ने सोमवार को कहा कि उन्होंने नयी योजना नहीं देखी है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button