दिल्ली में एटीएम कार्ड बदल कर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़; दो गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 26 May 2025 09:22 PM
दिल्ली में एटीएम कार्ड बदल कर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़; दो गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली में एटीएम कार्ड बदल कर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया. एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी और कहा कि यह गिरोह खासकर बुजुर्गों को मदद की पेशकश करके धोखाधड़ी करता था.

अधिकारी के अनुसार दोनों की पहचान आसिफ (25) और तालिब उर्फ कल्लू (25) के रूप में हुई है, जिन्हें 23 मई को दिल्ली में शाहदरा इलाके से पकड़ा गया. उन्होंने बताया कि वे नकदी निकालने या खरीदारी करने के लिए बदले गए असली कार्ड का इस्तेमाल करते थे.

पुलिस उपायुक्त (अपराध) विक्रम सिंह ने बताया, ”आरोपी एटीएम मशीनों के आसपास घूमते थे और ऐसे लोगों से संपर्क करते थे जो बुजुर्ग या परेशान दिखते थे. बिना मांगे ही मदद की पेशकश करते हुए, उनमें से एक पीड़ित को अपना पिन दर्ज करते हुए बारीकी से देखता था.” इसी दौरान वे पीड़ित के कार्ड को एक समान दिखने वाले कार्ड से बदल देते थे और पीड़ित को धोखाधड़ी का एहसास होने से पहले ही वहां से भाग जाते थे.

डीसीपी ने बताया कि वे चोरी के स्कूटर का इस्तेमाल करते थे ताकि तेजी से निकल सकें और पकड़े जाने से बच सकें. उन्होंने बताया कि गिरोह का भंडाफोड़ करने में सफलता तब मिली जब पुलिस को सूचना मिली कि वाहन चोरी और वित्तीय धोखाधड़ी में शामिल संदिग्ध चोरी के स्कूटर पर शाहदरा-मौजपुर इलाके में आएंगे. अधिकारी के अनुसार पुलिस की एक टीम ने कर्दमपुरी नाला रोड पर जाल बिछाया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. जिस स्कूटर पर दोनों सवार थे, वह अगस्त 2024 में कृष्णा नगर से चोरी हुआ था. उन्होंने बताया कि आसिफ के पास चोरी के 26 एटीएम कार्ड और तालिब के पास 15 ऐसे कार्ड मिले.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu