विमान ईंधन के दाम तीन प्रतिशत घटे, वाणिज्यिक सिलेंडर 24 रुपये हुआ सस्ता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 01 Jun 2025 07:24 PM
विमान ईंधन के दाम तीन प्रतिशत घटे, वाणिज्यिक सिलेंडर 24 रुपये हुआ सस्ता
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमतों में तीन प्रतिशत की कटौती की गई है, जबकि होटल और रेस्तरां में इस्तेमाल होने वाले 19 किलोग्राम के वाणिज्यिक सिलेंडर के दाम 24 रुपये घटाए गए हैं. रविवार को एटीएफ और वाणिज्यिक एलपीजी की कीमतों में कटौती की घोषणा की गई है. यह लगातार तीसरा महीना है जबकि विमान ईंधन के दाम घटे हैं. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेंचमार्क कच्चे तेल और गैस कीमतों में कमी के बाद घरेलू बाजार में कीमतें घटाई गई हैं.

सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमत 2,414.25 रुपये प्रति किलोलीटर या 2.82 प्रतिशत घटकर 83,072.55 रुपये प्रति किलोलीटर रह गई है. इससे पहले एक मई को एटीएफ के दाम 4.4 प्रतिशत (3,954.38 रुपये प्रति किलोलीटर) और एक अप्रैल को 6.15 प्रतिशत (5,870.54 रुपये प्रति किलोलीटर) घटाए गए थे. रविवार की हुई इस कटौती के बाद इस साल की शुरुआत में एटीएफ कीमतों में जो वृद्धि हुई थी उसकी काफी हद तक भरपाई हो गई है. एटीएफ की कीमत में कमी से वाणिज्यिक एयरलाइन कंपनियों पर बोझ कम होगा. एयरलाइन कंपनियों की परिचालन लागत में 40 प्रतिशत हिस्सा विमान ईंधन का बैठता है. मूल्य कटौती पर एयरलाइन कंपनियों से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी.

मुंबई में एटीएफ की कीमत 79,855.59 रुपये से घटाकर 77,602.73 रुपये प्रति किलोलीटर रह गई है, जबकि चेन्नई और कोलकाता में क्रमश: 86,103.25 रुपये और 86,052.57 रुपये प्रति किलोलीटर कर दी गई. पेट्रोलियम कंपनियों ने 19 किलोग्राम के वाणिज्यिक सिलेंडर की कीमत में भी 24 रुपये की कटौती की. वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत अब राष्ट्रीय राजधानी में 1,723.50 रुपये और मुंबई में 1,647.50 रुपये प्रति सिलेंडर होगी. इससे पहले एक मई को वाणिज्यिक सिलेंडर के दाम 14.50 रुपये और एक अप्रैल को 41 रुपये घटाए गए थे.

पिछले कुछ माह में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आई है, क्योंकि वैश्विक व्यापार युद्ध ने ईंधन की मांग को प्रभावित किया है. मूल्य र्विधत कर (वैट) और अन्य स्थानीय करों की वजह से एटीएफ और एलपीजी का दाम विभिन्न राज्यों में अलग-अलग होता है. हालांकि, घरों में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलोग्राम के रसोई गैस सिलेंडर की कीमत को 853 रुपये पर यथावत रखा गया है. अप्रैल में घरेलू एलपीजी की कीमत में 50 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई थी.

सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंप.नियां….. इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) बेंचमार्क अंतरराष्ट्रीय ईंधन कीमतों के औसत और विदेशी विनिमय दर के आधार पर हर महीने की पहली तारीख को एटीएफ और रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में संशोधन करती हैं. अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आई है, लेकिन घरेलू बाजार में पेट्रोल और डीजल की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं.
पिछले साल मार्च के मध्य में आम चुनावों से पहले इनकी कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई थी. दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.72 रुपये प्रति लीटर है, जबकि डीजल की कीमत 87.62 रुपये है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu