बाबिल खान ने साई राजेश की फिल्म छोड़ने की घोषणा की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 18 May 2025 08:12 PM
बाबिल खान ने साई राजेश की फिल्म छोड़ने की घोषणा की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. अभिनेता बाबिल खान ने घोषणा की है कि वह ”अप्रत्याशित परिस्थितियों” के कारण अब साई राजेश की आगामी फिल्म का हिस्सा नहीं होंगे. खबरों के मुताबिक बाबिल, राजेश की लोकप्रिय तेलुगु फिल्म ‘बेबी’ के हिंदी रीमेक में मुख्य भूमिका निभाने वाले थे.

बाबिल ने शनिवार को इंस्टाग्राम पर साझा एक पोस्ट में कहा, ”कुछ दुर्भाग्यपूर्ण परिस्थितियों के कारण चीजें वैसी नहीं हुईं जैसी हमने योजना बनाई थी.” उन्होंने कहा, ”बहुत जुनून और आपसी सम्मान के साथ, साई राजेश सर और मैं इस फिल्म की यात्रा पर निकले थे. दुर्भाग्य से, कुछ अनचाही परिस्थितियों के कारण यह सफर अधूरा रह गया.” इस महीने की शुरुआत में सोशल मीडिया पर बाबिल का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वह भावनात्मक रूप से व्यथित नजर आ रहे थे. ‘फ्राइडे नाइट प्लान’ और ‘लॉगआउट’ जैसी फिल्मों के साथ-साथ वेब सीरीज ‘द रेलवे मेन’ में अपने अभिनय का लोहा मनवा चुके बाबिल ने कहा कि वह कुछ समय के लिए अभिनय से ब्रेक लेंगे.

उन्होंने लिखा, ”मैं अभी थोड़ा समय ले रहा हूं. साई राजेश सर और उनकी टीम को मैं अपनी शुभकामनाएं देता हूं. हम दोनों के बीच जो प्यार है, वह बना रहेगा और मुझे यकीन है कि भविष्य में हम फिर मिलकर कुछ खास रचेंगे.” फिल्मकार साई राजेश ने भी इंस्टाग्राम पर बाबिल की तारीफ की.

उन्होंने लिखा, ”बाबिल उन सबसे प्रतिभाशाली और मेहनती अभिनेताओं में से एक हैं जिनसे मैं मिला हूं. हालांकि मुझे इस कड़वी सच्चाई को स्वीकार करना होगा. हमने साथ मिलकर काफी तैयारी की और मुझे उनके साथ काम करने की बहुत खुशी थी. मैं उनके प्रदर्शन को कभी नहीं भूलूंगा. मैं अपने हीरो को याद करूंगा.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu