राजस्थान का मुख्यमंत्री बनाए जाने की अटकलों से जुड़े सवालों को टाल गए बालकनाथ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 04 Dec 2023 06:39 PM
राजस्थान का मुख्यमंत्री बनाए जाने की अटकलों से जुड़े सवालों को टाल गए बालकनाथ
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता बालकनाथ ने उन्हें राजस्थान का मुख्यमंत्री बनाए जाने संबंधी अटकलों से जुड़े सवालों को टाल दिया. हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में भाजपा की शानदार जीत के बाद शीर्ष पद के लिए उनके नाम की चर्चा जोरों पर है.

भाजपा ने राजस्थान विधानसभा की 199 सीट के लिए हुए चुनाव में 115 सीट पर जीत दर्ज कर सत्ता में वापसी की है. कांग्रेस ने 68 सीट जीती हैं. हर पांच साल में राजस्थान में सत्ता बदल जाने के रिवाज को उलटने की उसकी उम्मीद इस चुनाव में अधूरी रह गई.
चुनाव परिणामों के बाद बालकनाथ के मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे होने की अटकलें लगाई जा रही हैं. अन्य दावेदारों में भाजपा की दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, जयपुर राजघराने की सदस्य दीया कुमारी, पार्टी सांसद व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सी पी जोशी और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत शामिल हैं.

बालकनाथ से जब चुनाव परिणामों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ”यह सब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन की वजह से है. भाजपा को सारे वोट उनके नाम पर मिले.” यह पूछे जाने पर कि राजस्थान का मुख्यमंत्री कौन बनने जा रहा है, उन्होंने सीधा जवाब नहीं दिया और कहा, ”आप सबकी कृपा है.” इस सवाल पर कि क्या वह राज्य में कोई जिम्मेदारी स्वीकार करेंगे जो पार्टी उन्हें देगी, उन्होंने कहा, ”मैंने अपना जीवन जनसेवा के लिए सर्मिपत कर दिया है. मैं पार्टी की सेवा कर रहा हूं. मैं लोगों की सेवा में लगा हुआ हूं.” भाजपा ने राजस्थान के अलवर से सांसद और महंत बालकनाथ को तिजारा से विधानसभा चुनाव मैदान में उतारा था. उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार इमरान खान को 6,173 मतों के अंतर से हराया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu