बालोद : स्कूल की छत का प्लास्टर गिरा, चार बच्चे घायल

बालोद. छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में प्राथमिक विद्यालय की छत का प्लास्टर गिरने से चार बच्चे घायल हो गए हैं. अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि इस घटना के बाद स्कूल के प्रधान अध्यापक समेत दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है. उन्होंने बताया कि जिले के डौंडीलोहारा विकासखंड स्थित कोरगुड़ा गांव में प्राथमिक विद्यालय की छत का प्लास्टर गिरने से चार बच्चे घायल हो गए हैं.

अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह सभी छात्र जब अपनी कक्षा में बैठकर पढ़ाई कर रहे थे, तभी इस दौरान कक्षा के पिछले हिस्से में अचानक छत का प्लास्टर टूटकर गिर गया. इससे चार बच्चे घायल हो गए. इस घटना के बाद घायल बच्चों को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें बालोद जिला अस्पताल भेजा गया. बच्चों की हालत खतरे से बाहर है.

बालोद के जिला शिक्षा अधिकारी पी सी मरकले ने बताया कि स्कूल में छत का प्लास्टर गिरने से चार बच्चों के घायल होने की सूचना मिली है. इस घटना की सूचना मिलने के बाद विद्यालय का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण में पाया गया कि पाठशाला के मूल भवन का एक कमरा बच्चों के बैठने योग्य नहीं है. पाठशाला में तीन अतिरिक्त कक्ष का निर्माण किया गया है.

जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र के संकुल समन्वयक ने क्षेत्र की सभी पाठशालाओं की स्थिति को ठीक बताया था. इससे लग रहा है कि समन्वयक ने सभी पाठशालाओं का निरीक्षण नहीं किया था. उन्होंने बताया कि इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने संकुल केन्द्र दुधली के संकुल समन्वयक यशवंत निर्मलकर को तथा कोरगुड़ा प्राथमिक शाला की प्रधान अध्यापिका तुलसी देवी गोयल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. इधर घटना के बाद क्षेत्र से कांग्रेस की विधायक और पूर्व मंत्री अनिला भिंडिया ने अस्पताल पहुंचकर घायल बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात की.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button