बांग्लादेश पुलिस ने यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के आलोचक को किया गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 08 Sep 2025 08:37 PM
बांग्लादेश पुलिस ने यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के आलोचक को किया गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

ढाका/नयी दिल्ली. बांग्लादेश पुलिस ने सोमवार को कहा कि उसने 1971 के मुक्ति संग्राम के सेनानी और पूर्व नौकरशाह अबू आलम शाहिद खान को गिरफ्तार कर लिया है, जो मुहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार के प्रमुख आलोचक रहे हैं. यह गिरफ्तारी शेख हसीना को अपदस्थ किए जाने के बाद से असहमति जताने वालों को हिरासत में लिए जाने का एक और मामला है.

पुलिस ने एक बयान में कहा, ”उन्हें (खान को) शाहबाग थाने में दर्ज एक मामले में ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस की खुफिया शाखा द्वारा गिरफ्तार किया गया है.” हालांकि, पुलिस ने आरोपों का उल्लेख नहीं किया और न ही गिरफ्तारी का समय एवं स्थान बताया. बयान में कहा गया कि इसी अभियान में पांच अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है, क्योंकि वे अचानक किए जाने वाले विरोध प्रदर्शनों में शामिल थे. इस तरह के प्रदर्शन अपदस्थ प्रधानमंत्री हसीना की अब भंग हो चुकी अवामी लीग के कार्यकर्ताओं द्वारा अकसर आयोजित किए जाते हैं.

पुलिस ने बताया कि इन लोगों को तोड़फोड़ की कोशिश करने और सार्वजनिक व्यवस्था में खलल डालने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. बांग्लादेश सरकार के सेवानिवृत्त सचिव खान हाल के महीनों में सोशल मीडिया पर अंतरिम सरकार की आलोचना करते रहे हैं.
वह हाल के सप्ताहों में गिरफ्तार किए जाने वाले अंतरिम सरकार के चौथे प्रमुख आलोचक हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu